गुवा: गांधी जयंती और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर पश्चिम सिंहभूम जिले के डीएवी पब्लिक स्कूल, गुवा में शुक्रवार को ‘रन फॉर यूनिटी’ का आयोजन किया गया। डीएवी सीएमसी, दिल्ली के निर्देशानुसार आयोजित कार्यक्रम का नेतृत्व विद्यालय के प्राचार्य प्रवीण कुमार ने किया।
कार्यक्रम की शुरुआत महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के चित्र पर पुष्प अर्पित कर की गई। इसके बाद विद्यालय परिसर से एकता दौड़ निकाली गई। इसमें कक्षा तीसरी से 12वीं तक के करीब 200 छात्र-छात्राओं और शिक्षक-शिक्षिकाओं ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया। दौड़ के दौरान विद्यार्थियों ने देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता, अखंडता, सद्भाव और भाईचारे से जुड़े नारे लगाए। शिक्षकों ने भी विद्यार्थियों का उत्साह बढ़ाते हुए उनके साथ दौड़ में भाग लिया।
इस अवसर पर प्राचार्य प्रवीण कुमार ने कहा कि महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के सत्य, अहिंसा, सादगी, ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा के आदर्श आज भी प्रेरणा देते हैं। गांधी ने सत्य और अहिंसा के माध्यम से देश को नई दिशा दी, जबकि लाल बहादुर शास्त्री ने सादगी, ईमानदारी और दृढ़ नेतृत्व का उदाहरण प्रस्तुत किया। उन्होंने कहा कि इस तरह के कार्यक्रमों से विद्यार्थियों में अनुशासन, देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता की भावना मजबूत होती है।
शिक्षक इंचार्ज पीके आचार्य ने कहा कि विद्यार्थियों की उत्साहपूर्ण भागीदारी राष्ट्रहित और सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति उनकी जागरूकता को दर्शाती है। उन्होंने विद्यार्थियों से गांधी और शास्त्री के आदर्शों को दैनिक जीवन में अपनाने तथा स्वच्छता, अनुशासन और आपसी सहयोग को बढ़ावा देने की अपील की।
कार्यक्रम का समापन राष्ट्रहित, स्वच्छता और सामाजिक सद्भाव के प्रति संकल्प के साथ हुआ। मौके पर विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाएं और छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

