बोकारो: बोकारो रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर शुक्रवार सुबह करीब 9:17 बजे दर्दनाक हादसा हो गया। चेरलपल्ली-पटना स्पेशल ट्रेन में चढ़ने के प्रयास के दौरान 63 वर्षीय यात्री सुरेश कुमार भोलवानी ट्रेन और प्लेटफॉर्म के बीच गिर गए। हादसे में उनकी मौत हो गई।
प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार, ट्रेन के खुलने के दौरान प्लेटफॉर्म पर तैनात लेडी कॉन्स्टेबल एम. जिना पात्र की नजर यात्री पर पड़ी। उन्होंने उन्हें बचाने के लिए दौड़ लगाई और तत्काल ट्रेन रुकवाने का प्रयास किया। लेकिन तब तक सुरेश कुमार का पैर और शरीर का कुछ हिस्सा ट्रेन और प्लेटफॉर्म के बीच फंस चुका था।
ट्रेन रुकने के बाद यात्रियों और रेलवे कर्मियों की मदद से उन्हें प्लेटफॉर्म और ट्रेन के बीच की जगह से बाहर निकाला गया। मौके पर पहुंचे रेलवे डॉक्टर ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पिंडदान के लिए गया जा रहे थे
मृतक की पहचान महाराष्ट्र के गोंदिया जिले के सिंधु भवन, सिविल लाइन के निकट काली मंदिर क्षेत्र निवासी सुरेश कुमार भोलवानी के रूप में हुई है। उनके भांजे अनिल कुमार कुलवादवा के अनुसार, सुरेश कुमार अपने परिजनों के साथ पितृपक्ष में गया में पिंडदान और श्राद्ध कर्म के लिए जा रहे थे। बोकारो स्टेशन पर पानी की बोतल लेने के बाद चलती ट्रेन में चढ़ने के दौरान यह हादसा हुआ।
घटना के बाद जीआरपी प्रभारी अमरेंद्र कोटवार और स्टेशन प्रबंधक एस.के. नायक ने इसे आकस्मिक घटना बताया। जीआरपी ने आवश्यक कागजी कार्रवाई शुरू कर दी है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया की जा रही है।
चलती ट्रेन में चढ़ने का प्रयास एक परिवार के लिए मातम में बदल गया। पितृपक्ष में गया जा रहे यात्री की बोकारो स्टेशन पर दर्दनाक मौत ने सभी को झकझोर दिया।

