Breaking
Fri. Oct 23rd, 2026

बागबेड़ा वायरलेस मैदान से देसी कट्टा व कारतूस के साथ अपराधी गिरफ्तार

जमशेदपुर। बागबेड़ा थाना क्षेत्र के वायरलेस मैदान में किसी आपराधिक घटना को अंजाम देने की कथित तैयारी कर रहे एक व्यक्ति को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। उसके पास से एक देसी कट्टा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान बागबेड़ा आनंद नगर, साईं मंदिर के पास निवासी अनुप चक्रवर्ती उर्फ अनुप बंगाली (42) के रूप में हुई है। उसका स्थायी पता पश्चिम बंगाल के पुरुलिया जिले के कस्तौड़ मेन रोड थाना क्षेत्र का बताया गया है।

शुक्रवार को सिटी एसपी ललित मीणा ने प्रेस कांफ्रेंस में बताया कि एक अक्टूबर की देर रात वरीय पुलिस अधीक्षक को गुप्त सूचना मिली थी कि अनुप चक्रवर्ती वायरलेस मैदान में हथियार लेकर घूम रहा है और किसी आपराधिक घटना को अंजाम देने की तैयारी में है। सूचना के सत्यापन और कार्रवाई के लिए पुलिस अधीक्षक नगर के निर्देश पर डीएसपी विधि-व्यवस्था सुमित कुमार के नेतृत्व में विशेष छापामारी दल गठित किया गया।

पुलिस टीम ने वायरलेस मैदान पहुंचकर इलाके की घेराबंदी की और अनुप चक्रवर्ती को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से लोहे का एक देशी लोडेड कट्टा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। मामले में बागबेड़ा थाना कांड संख्या 92/26 दर्ज करते हुए आर्म्स एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अनुप चक्रवर्ती का पूर्व में भी कई आपराधिक मामलों में नाम सामने आया है। उसके खिलाफ जमशेदपुर और आसपास के क्षेत्रों के विभिन्न थानों के अलावा रेलवे पुलिस और पश्चिम बंगाल के पुरुलिया में भी मामले दर्ज हैं। इनमें हत्या, हत्या के प्रयास, डकैती, चोरी, लूट, मारपीट, आर्म्स एक्ट और रेलवे संपत्ति से जुड़े मामले शामिल हैं। वर्ष 2026 में परसुडीह थाना में दर्ज मामले में भी उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट समेत बीएनएस की विभिन्न धाराओं में केस दर्ज है।

छापामारी दल में डीएसपी विधि-व्यवस्था सुमित कुमार, बागबेड़ा थाना प्रभारी उमेश ठाकुर, पुलिस अवर निरीक्षक अरुण कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक जेवियर होरो तथा बागबेड़ा थाना के सशस्त्र बल शामिल थे। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर हथियार रखने के उद्देश्य और उसके अन्य आपराधिक गतिविधियों के संबंध में जानकारी जुटा रही है।

Related Post