चाईबासा: राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर 2 अक्टूबर को पश्चिम सिंहभूम जिले के गुवा पूर्वी पंचायत में विशेष ग्राम सभा का आयोजन किया गया। ग्राम सभा में महिलाओं के साथ दादा-दादी और बुजुर्गों को विशेष रूप से आमंत्रित किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य ग्रामीणों को सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देना और पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ लेने के लिए जागरूक करना था।
ग्राम सभा में ग्रामीणों को विभिन्न सरकारी योजनाओं की पात्रता, लाभ लेने की प्रक्रिया और जरूरी दस्तावेजों की जानकारी दी गई। वक्ताओं ने कहा कि सरकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना जरूरी है। इसके लिए ग्राम सभा एक महत्वपूर्ण माध्यम है। ग्रामीणों और जरूरतमंद परिवारों तक योजनाओं की जानकारी पहुंचाने पर जोर दिया गया।
इस दौरान पंचायत के बुजुर्गों को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। दादा-दादी और अन्य बुजुर्गों को शॉल ओढ़ाकर सम्मान दिया गया। सम्मान मिलने पर बुजुर्गों ने खुशी जताई। महिलाओं और बुजुर्गों से उनकी समस्याओं तथा आवश्यकताओं को लेकर भी चर्चा की गई।
ग्राम सभा में ग्रामीणों ने अपनी समस्याएं और सुझाव पंचायत प्रतिनिधियों के समक्ष रखे। पंचायत प्रतिनिधियों ने ग्रामीणों की समस्याओं को सुना और संबंधित स्तर पर उनके समाधान के लिए पहल करने की बात कही।
कार्यक्रम में नोवामुंडी भाग-1 की जिला परिषद सदस्य देवकी कुमारी, गुवा पूर्वी पंचायत की मुखिया चांदमनी लागुरी, गुवा पश्चिमी पंचायत की मुखिया पद्मनी लागुरी, गीता देवी, पद्मा केसरी सहित अन्य पंचायत प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

