जमशेदपुर: केरला पब्लिक स्कूल, कदमा में गुरुवार को ‘लेट्स मेक अ डिफरेंस (LMAD) जमशेदपुर यूथ कॉन्फ्रेंस 2026’ के 26वें संस्करण की शुरुआत हुई। सम्मेलन में देश के अलग-अलग हिस्सों से पहुंचे करीब 300 विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया। पहले दिन विद्यार्थियों के लिए आत्ममंथन, जीवन मूल्यों और व्यक्तिगत विकास से जुड़े कई संवादात्मक एवं व्यावहारिक सत्र आयोजित किए गए।
कॉन्फ्रेंस की शुरुआत प्रतिभागियों के स्वागत और LMAD के उद्देश्य एवं मूल विचारों से परिचय के साथ हुई। सम्मेलन के निदेशक वायरल मजूमदार ने विद्यार्थियों को ‘Quiet Time’ के महत्व के बारे में बताया। उन्होंने प्रतिभागियों को कुछ समय शांत वातावरण में स्वयं के साथ बिताने और अपने विचारों को समझने के लिए प्रेरित किया।
नाश्ते के बाद विद्यार्थियों को अलग-अलग फैमिली ग्रुप्स में बांटा गया। इस दौरान उन्होंने एक-दूसरे से परिचय किया और सम्मेलन को लेकर अपनी अपेक्षाएं साझा कीं। इसके बाद ‘The Values Conversation’ नाम से संवादात्मक सत्र आयोजित किया गया।
सत्र में LMAD के चार मूल्यों—ईमानदारी, पवित्रता, निःस्वार्थता और प्रेम—पर विस्तार से चर्चा हुई। स्वयंसेवकों ने भी इन मूल्यों से जुड़े अपने अनुभव और जीवन की घटनाएं विद्यार्थियों के साथ साझा कीं। इससे विद्यार्थियों को इन मूल्यों को अपने दैनिक जीवन से जोड़कर समझने का अवसर मिला।
दोपहर के भोजन के बाद सभी आठ फैमिली ग्रुप्स में विस्तृत चर्चा हुई। विद्यार्थियों ने चारों मूल्यों को लेकर अपने विचार, अनुभव और व्यक्तिगत भावनाएं साझा कीं। चर्चा के दौरान उन्हें अपने व्यवहार और सोच को समझने के साथ-साथ जीवन में सकारात्मक बदलाव की संभावनाओं पर विचार करने का अवसर मिला।
दिन के अगले सत्र में वायरल मजूमदार ने ‘Concentration’ यानी एकाग्रता पर विद्यार्थियों से संवाद किया। उन्होंने कहा कि एकाग्रता केवल पढ़ाई तक सीमित नहीं है, बल्कि खेल, करियर, कार्यक्षेत्र और व्यक्तिगत रिश्तों सहित जीवन के हर क्षेत्र में इसकी भूमिका है। सत्र में एकाग्रता बढ़ाने के लिए कई व्यावहारिक उपाय और उपयोगी सुझाव भी साझा किए गए।
सम्मेलन के आयोजन में देश के विभिन्न हिस्सों से पहुंचे और स्थानीय कोऑर्डिनेटर्स राजीव अग्रवाल, श्रद्धा अग्रवाल, भीषम, सोनू, विजय राणे और भार्गवी का योगदान रहा। स्थानीय टीम के सदस्यों ने भी आयोजन की विभिन्न गतिविधियों में सहयोग किया।
आत्ममंथन और संवाद से भरे इन सत्रों के साथ 26वें जमशेदपुर यूथ कॉन्फ्रेंस के पहले दिन का समापन हुआ। दिनभर की गतिविधियों के जरिए विद्यार्थियों को खुद को बेहतर ढंग से समझने, जीवन मूल्यों पर विचार करने और अपने भीतर सकारात्मक बदलाव की दिशा में आगे बढ़ने का अवसर मिला।

