Breaking
Thu. Oct 22nd, 2026

रामपुर में दर्दनाक सड़क हादसा, बाइक सवार तीन युवकों की मौत

रांची। नामकुम थाना क्षेत्र के रामपुर के पास गुरुवार देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में मोटरसाइकिल सवार तीन युवकों की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार तीनों युवक एक ही मोटरसाइकिल पर सवार होकर कहीं जा रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मोटरसाइकिल बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और तीनों युवक सड़क पर जा गिरे। हादसे में गंभीर रूप से घायल तीनों युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

दुर्घटना के बाद अज्ञात वाहन का चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। हादसे की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग घटनास्थल पर जुट गए। स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना नामकुम थाना पुलिस को दी। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की।

पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेजने की प्रक्रिया शुरू की। देर रात तक मृतकों की पहचान नहीं हो सकी थी। पुलिस उनकी पहचान कराने के लिए आसपास के लोगों से जानकारी जुटा रही है। साथ ही दुर्घटना के बाद फरार हुए वाहन और उसके चालक का पता लगाने के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस का कहना है कि वाहन की पहचान होने के बाद चालक के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Related Post