Breaking
Mon. Sep 28th, 2026

शब्बीर हत्याकांड में 19 वर्षीय फरार आरोपी गिरफ्तार, न्यायिक हिरासत में भेजा

सरायकेला-खरसावां। कपाली ओपी क्षेत्र में जनवरी 2025 में हुए शब्बीर हत्याकांड के मामले में फरार चल रहे एक आरोपी को कपाली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान कपाली के ताजनगर स्थित मुसल दुकान के समीप रहने वाले करीब 19 वर्षीय मोहम्मद फरहान उर्फ फरहान खान के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी गुप्त सूचना के आधार पर की।

कपाली ओपी प्रभारी अविनाश कुमार ने बताया कि जनवरी 2025 में शब्बीर की धारदार चाकू से हमला कर हत्या कर दी गई थी। घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच करते हुए हत्याकांड में शामिल अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। वहीं, मोहम्मद फरहान उर्फ फरहान खान घटना के बाद से लगातार फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही थी।

इसी क्रम में पुलिस को फरहान के संबंध में गुप्त सूचना मिली। सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी से आवश्यक पूछताछ और कानूनी प्रक्रिया पूरी की। इसके बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से अदालत के आदेश पर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

ओपी प्रभारी अविनाश कुमार ने बताया कि हत्याकांड समेत अन्य मामलों में फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस का अभियान लगातार जारी है। उन्होंने कहा कि फरार आरोपियों के संभावित ठिकानों की जानकारी जुटाकर उनके खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। फरहान की गिरफ्तारी के लिए की गई कार्रवाई में सब इंस्पेक्टर हसनैन अंसारी समेत सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।

Related Post