Breaking
Wed. Sep 23rd, 2026

*गुवा में जिला परिषद अध्यक्ष लक्ष्मी सुरेन ने महिलाओं और ठेका मजदूरों को दी योजनाओं की जानकारी*

चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिला परिषद अध्यक्ष लक्ष्मी सुरेन गुवा पहुंचीं। यहां झारखंड मजदूर यूनियन के महामंत्री हेमराज सोनार और यूनियन के सदस्यों ने उनका स्वागत किया। इसके बाद उन्होंने महिलाओं और ठेका मजदूरों को झारखंड सरकार की ओर से संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी।

कार्यक्रम में लक्ष्मी सुरेन ने कहा कि बढ़ती बेरोजगारी को देखते हुए सरकार महिलाओं और मजदूरों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए स्वरोजगार से जुड़ी योजनाएं चला रही है। उन्होंने महिलाओं से सरकारी योजनाओं के लिए पंजीकरण कराने की अपील की। उन्होंने बताया कि नर्सिंग, किराना दुकान, आरओ वाटर प्लांट, सिलाई-बुनाई सहित विभिन्न घरेलू उद्योगों के लिए प्रशिक्षण दिया जाता है। इच्छुक महिलाओं को बैंक के माध्यम से ऋण उपलब्ध कराने में भी सहायता की जाएगी, ताकि वे अपना व्यवसाय शुरू कर सकें।

उन्होंने ठेका मजदूरों से ई-श्रम कार्ड के लिए पंजीकरण कराने की अपील की, जिससे उन्हें सरकारी योजनाओं का लाभ मिल सके। सड़क दुर्घटनाओं के संबंध में उन्होंने कहा कि दुर्घटना में मृत्यु होने पर मुआवजा प्राप्त करने के लिए पोस्टमार्टम कराना आवश्यक है। उन्होंने लोगों से मुआवजे की मांग को लेकर सड़क जाम करने के बजाय कानूनी प्रक्रिया अपनाने की अपील की।

कार्यक्रम के अंत में लक्ष्मी सुरेन ने झारखंड मजदूर संघर्ष संघ यूनियन कार्यालय में बैठक की। बैठक में महिलाओं और ठेका मजदूरों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने की प्रक्रिया की जानकारी दी गई। मौके पर झारखंड मजदूर संघर्ष संघ के केंद्रीय अध्यक्ष रामा पांडे, पदमा केसरी, झारखंड मजदूर यूनियन के महामंत्री हेमराज सोनार, पूर्व मुखिया कपिलेश्वर डोंगो सहित काफी संख्या में ठेका मजदूर मौजूद थे।

Related Post