चाईबासा: शहर के ऐतिहासिक गांधी मैदान में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की आदमकद प्रतिमा दोबारा स्थापित किए जाने की दिशा में पहल शुरू हुई है। गांधी मैदान के सौंदर्यीकरण के दौरान पहले से स्थापित महात्मा गांधी की प्रतिमा को हटा दिया गया था। इसे लेकर झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने बुधवार को पश्चिमी सिंहभूम के उपायुक्त मनीष कुमार से मुलाकात कर नई आदमकद प्रतिमा स्थापित कराने की मांग की।
केशव महतो कमलेश ने कहा कि गांधी मैदान की पहचान महात्मा गांधी के नाम और उनकी स्मृति से जुड़ी हुई है। सौंदर्यीकरण जरूरी है, लेकिन इसके साथ शहर की ऐतिहासिक विरासत और महापुरुषों की स्मृतियों को भी सुरक्षित रखा जाना चाहिए। उन्होंने उपायुक्त से गांधी मैदान में महात्मा गांधी की नई आदमकद प्रतिमा स्थापित कराने की प्रक्रिया जल्द शुरू करने का आग्रह किया।
उन्होंने कहा कि आगामी 2 अक्टूबर को महात्मा गांधी की जयंती है। यदि प्रतिमा स्थापित हो जाती है तो गांधी जयंती के अवसर पर शहरवासी नई प्रतिमा के समक्ष श्रद्धांजलि अर्पित कर सकेंगे।
कांग्रेस जिला प्रवक्ता त्रिशानु राय ने कहा कि गांधी मैदान चाईबासा की ऐतिहासिक और भावनात्मक पहचान का महत्वपूर्ण हिस्सा है। यहां महात्मा गांधी की आदमकद प्रतिमा का होना शहरवासियों के लिए गौरव की बात है। सौंदर्यीकरण के दौरान प्रतिमा हटाई गई है तो अब उसी स्थान पर नई प्रतिमा स्थापित की जानी चाहिए।
त्रिशानु राय ने कहा कि महात्मा गांधी सत्य, अहिंसा, त्याग और राष्ट्रसेवा के प्रतीक हैं। उनकी स्मृति को चाईबासा में बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने उम्मीद जताई कि जिला प्रशासन इस मामले में जल्द पहल करेगा और 2 अक्टूबर को गांधी मैदान में नई आदमकद प्रतिमा पर श्रद्धांजलि अर्पित करने का अवसर शहरवासियों को मिलेगा।

