Breaking
Wed. Sep 23rd, 2026

मनोहरपुर से लापता तीन नाबालिग बच्चियों को पुलिस ने खोज निकाला, दो बालक हिरासत में

चाईबासा। पश्चिमी सिंहभूम जिले के मनोहरपुर थाना क्षेत्र के दीपशीला गांव से लापता हुईं तीन नाबालिग बच्चियों को पुलिस ने चार दिन बाद सकुशल बरामद कर लिया। बच्चियों के लापता होने के मामले में पुलिस ने दो नाबालिग बालकों को विधिवत निरुद्ध किया है। पुलिस की यह कार्रवाई पश्चिमी सिंहभूम के पुलिस अधीक्षक अमित रेणु के निर्देश पर गठित विशेष छापामारी दल ने की। तकनीकी शाखा की मदद से पुलिस को बच्चियों तक पहुंचने में सफलता मिली।
घटना के संबंध में बुधवार को मनोहरपुर थाना प्रभारी एनुवाल एक्का ने प्रेस को बताया कि दीपशीला निवासी राजवती मरांडी, पति सनातन मरांडी, उम्र करीब 30 वर्ष ने मनोहरपुर थाना में लिखित आवेदन दिया था। राजवती मरांडी के अनुसार उनकी दो नाबालिग बेटियां 17 सितंबर 2026 की शाम करीब सात बजे गांव के ही मुन्ना बेसरा के घर जाने की बात कहकर निकली थीं। इसके बाद दोनों घर वापस नहीं लौटीं। उनके साथ मुन्ना बेसरा की नाबालिग बेटी भी थी। तीनों बच्चियों के वापस नहीं लौटने पर परिजनों और ग्रामीणों ने अपने स्तर से काफी खोजबीन की, लेकिन बच्चियों का कोई पता नहीं चल सका।
काफी तलाश के बाद 21 सितंबर को राजवती मरांडी ने मनोहरपुर थाना में दो अज्ञात युवकों के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराते हुए बच्चियों के अपहरण की आशंका जताई। शिकायत के आधार पर मनोहरपुर थाना कांड संख्या 38/2026 दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। मामला तीन नाबालिग बच्चियों से जुड़ा होने के कारण पुलिस ने इसे गंभीरता से लेते हुए तत्काल कार्रवाई शुरू की।
पश्चिमी सिंहभूम के पुलिस अधीक्षक अमित रेणु के निर्देश पर मनोहरपुर थाना प्रभारी एनुवाल एक्का के नेतृत्व में विशेष छापामारी दल का गठन किया गया। टीम में पुलिस अवर निरीक्षक विवेक कुमार, सहायक अवर निरीक्षक नव किशोर कुदादा तथा सशस्त्र बल के जवान शामिल थे। पुलिस टीम ने प्रभारी तकनीकी शाखा के सहयोग से बच्चियों के संबंध में तकनीकी सूचनाएं जुटाईं और उनके आधार पर अलग-अलग संभावित ठिकानों पर छापेमारी की।
लगातार प्रयास और सटीक सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने तीनों नाबालिग बच्चियों को सुरक्षित बरामद कर लिया। पुलिस ने इस मामले में शामिल बताए जा रहे दो नाबालिग बालकों को भी विधिवत निरुद्ध किया है। बच्चियों की बरामदगी के बाद पुलिस अब पूरे मामले की जांच कर रही है। निरुद्ध किए गए दोनों बालकों से पूछताछ के आधार पर घटना से जुड़े अन्य तथ्यों का पता लगाया जा रहा है और मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Related Post