जमशेदपुर। साकची और सीतारामडेरा थाना क्षेत्र में अवैध रूप से लॉटरी और जुआ संचालित किए जाने के मामले में जमशेदपुर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चार लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से लॉटरी और जुआ से संबंधित सामग्री, नकद रुपये, मोबाइल फोन और अन्य सामान बरामद किए हैं। सभी आरोपियों को पूछताछ के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
बुधवार को पुलिस कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में सिटी एसपी ललित मीणा ने बताया कि वरीय पुलिस अधीक्षक को गुप्त सूचना मिली थी कि साकची थाना क्षेत्र के बिरसा मुंडा टेंपो स्टैंड और मुर्गी लाइन के आसपास अवैध रूप से लॉटरी और जुआ का संचालन किया जा रहा है। सूचना के आधार पर नगर पुलिस के वरीय अधिकारियों के निर्देशन में छापेमारी टीम गठित की गई। टीम ने निर्धारित स्थानों पर छापेमारी कर अवैध गतिविधियों में शामिल चार लोगों को गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में सीतारामडेरा थाना क्षेत्र के होमपाइप कल्याण नगर निवासी 30 वर्षीय निरज कुमार सिंह, काशीडीह बगान नंबर तीन निवासी 28 वर्षीय दिलीप पासवान और होमपाइप निर्मल नगर निवासी 32 वर्षीय अरविंद कुमार सिंह शामिल हैं। चौथे आरोपी की गिरफ्तारी भी इसी कार्रवाई के दौरान की गई है। पुलिस ने सभी आरोपियों की भूमिका की जांच शुरू कर दी है।
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे बाजार में लोगों को अधिक रुपये कमाने का लालच देकर सट्टा खेलने के लिए प्रेरित करते थे। पुलिस के अनुसार ऑनलाइन गोवा स्टार एप के माध्यम से सट्टा लगवाकर लोगों से रुपये लेने और ठगी करने की बात भी सामने आई है। आरोपियों ने इस अवैध कारोबार में कुछ अन्य लोगों की संलिप्तता की जानकारी भी पुलिस को दी है, जिसके आधार पर आगे की जांच की जा रही है।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने दो लॉटरी बोर्ड बरामद किए, जिन पर विभिन्न अंक और नंबर अंकित थे। इसके अलावा 2510 रुपये नकद, विभिन्न नंबरों से लिखी बंसल कंपनी की कॉपी, रियलमी कंपनी का नीले रंग का मोबाइल फोन तथा निरज कुमार सिंह के मोबाइल में मिले गोवा स्टार एप से संबंधित स्क्रीनशॉट की हार्ड कॉपी भी बरामद की गई।
मामले को लेकर साकची थाना में कांड संख्या 70/2026, दिनांक 23 सितंबर 2026 दर्ज किया गया है। पुलिस ने बीएनएस की धारा 318(4), 292, 112(2) और 3(5) के तहत कार्रवाई की है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस अवैध लॉटरी और सट्टे के नेटवर्क से और कितने लोग जुड़े हैं।
छापेमारी दल में साकची थाना के पुलिस निरीक्षक सह थाना प्रभारी, पुलिस अवर निरीक्षक जितेंद्र कुमार वर्मा, सहायक अवर निरीक्षक पंकज कुमार प्रणव, सहायक अवर निरीक्षक रमेश राम, सहायक अवर निरीक्षक राकेश कुमार पांडेय तथा थाना सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।

