Breaking
Tue. Sep 22nd, 2026

बंगाल ज्वेलर्स लूटकांड का अंतिम मुख्य आरोपी सद्दाम अंसारी गिरफ्तार, कई जिलों में लूट की घटनाओं में रहा है शामिल

गोड्डा। नगर थाना क्षेत्र के कारगिल चौक के समीप 8 जुलाई को बंगाल ज्वेलर्स में हुई हथियारबंद लूट की घटना के मामले में पुलिस ने फरार चल रहे अंतिम मुख्य आरोपी सद्दाम अंसारी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार करीब 20 वर्षीय सद्दाम अंसारी बांका जिले के बंधुवाकुरा थाना क्षेत्र के अम्बातरी गांव का रहने वाला है। गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेजा जा रहा है। पुलिस का कहना है कि आरोपी गोड्डा के अलावा दुमका जिले के हंसडीहा और सरैयाहाट थाना क्षेत्रों में दर्ज मामलों में भी वांछित था।

बंगाल ज्वेलर्स में तीन हथियारबंद अपराधियों ने घटना को अंजाम दिया था। दुकान मालिक बासुदेव राव के आवेदन पर 9 जुलाई को गोड्डा नगर थाना में कांड संख्या 125/26 दर्ज किया गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीपीओ आकाश भारद्वाज के नेतृत्व में एसआईटी गठित की गई थी। पुलिस ने दावा किया कि टीम ने 72 घंटे के भीतर घटना में शामिल अपराधियों की पहचान कर कार्रवाई शुरू कर दी थी।

इस मामले में राजेश यादव और अजीत यादव को गिरफ्तार किया गया था। राजेश के घर से 39.93 ग्राम सोना, 41,500 रुपये नकद और घटना में इस्तेमाल पिस्टल बरामद हुई थी। इसके बाद दुमका पुलिस के सहयोग से दानवीर पासवान को गिरफ्तार किया गया, जिसके पास से लूट में इस्तेमाल नीले रंग की अपाची मोटरसाइकिल बरामद हुई।

जांच के दौरान पुलिस ने लूट की रेकी करने, अपराधियों को सूचना उपलब्ध कराने और लूटे गए सोने की बिक्री में मदद करने वाले कथित मास्टरमाइंड स्वर्ण व्यवसायी चन्द्रशेखर कुमार साह उर्फ पूरन साह को भी गिरफ्तार किया था। उसे 13 अगस्त को न्यायिक हिरासत में भेजा गया। पुलिस के अनुसार उससे लूट के सोने की खरीद-बिक्री करने वाले गोड्डा और बांका के कुछ स्वर्ण व्यवसायियों को भी गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है।

इसके अलावा पाकुड़ और गोड्डा पुलिस के संयुक्त प्रयास से बिहार के बांका जिले में फरार चल रहे प्रवीण कुमार उर्फ पारो उर्फ प्रवीण कुमार यादव को गिरफ्तार किया गया था। वह फिलहाल मंडल कारा पाकुड़ में बंद है। पुलिस ने बताया कि घटना में शामिल एक अन्य आरोपी का शव देवघर जिले के सारवां थाना क्षेत्र में मिला था।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार किए गए आरोपी आसपास के बांका, देवघर, जामताड़ा, बोकारो और पाकुड़ जिलों में ज्वेलरी दुकानों तथा सीएसपी केंद्रों में लूट की घटनाओं में पहले से शामिल रहे हैं। अंतिम मुख्य आरोपी सद्दाम अंसारी की गिरफ्तारी के साथ पुलिस ने बंगाल ज्वेलर्स लूटकांड में फरार आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई पूरी होने की बात कही है।

सद्दाम अंसारी के खिलाफ बंधुवाकुरा थाना में वर्ष 2018 का मामला दर्ज है। इसके अलावा सरैयाहाट थाना कांड संख्या 101/26 और गोड्डा नगर थाना कांड संख्या 63/26 में भी वह आरोपी है। कार्रवाई में एसडीपीओ आकाश भारद्वाज के अलावा पुलिस निरीक्षक मधुसूदन मोदक, दिनेश महली, मनोहर कुमार, मनीष कुमार, शिवदयाल सिंह, महावीर पंडित, आनंद साहा, मुकेश राउत, संजय कुमार सिंह, भोलानाथ दास सहित गोड्डा नगर थाना रिजर्व गार्ड और स्थानीय पुलिस के जवान शामिल रहे।

Related Post