पाकुड़। अमड़ापाड़ा थाना क्षेत्र के छोटा कुस्कुट्टा गांव में ग्राम प्रधान छोटा बामना पहाड़िया की हत्या के मामले का पुलिस ने महज आठ घंटे के भीतर खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त टांगी और खून लगे गमछे को भी बरामद किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान छोटा कुस्कुट्टा निवासी करीब 23 वर्षीय धर्मा पहाड़िया के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, 21 सितंबर को अमड़ापाड़ा थाना क्षेत्र के छोटा कुस्कुट्टा गांव में एक व्यक्ति का शव पड़े होने की सूचना मिली थी। मृतक की पत्नी चांदी पहाड़िन के फर्दबयान के आधार पर अमड़ापाड़ा थाना में कांड संख्या 72/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) के तहत जांच शुरू की गई। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह ने अमड़ापाड़ा थाना प्रभारी के नेतृत्व में विशेष अनुसंधान दल का गठन किया।
एसआईटी ने तकनीकी टीम, फिंगरप्रिंट टीम और स्वान दस्ते के साथ घटनास्थल की जांच की। अनुसंधान में सामने आया कि छोटा कुस्कुट्टा के ग्राम प्रधान छोटा बामना पहाड़िया की रात में घर में सोने के दौरान किसी व्यक्ति ने गला काटकर हत्या कर दी थी। इसके बाद पुलिस टीम ने मानवीय और तकनीकी सूचना के साथ वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर संभावित ठिकानों पर छापेमारी शुरू की।
लगातार कार्रवाई के दौरान पुलिस ने धर्मा पहाड़िया को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपी ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। उसकी निशानदेही पर लकड़ी के बेंत वाली एक टांगी बरामद की गई, जिस पर खून जैसा पदार्थ लगा था। इसके अलावा खून लगा नारंगी रंग का प्रिंटेड गमछा भी जब्त किया गया। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया चल रही है।
इस कार्रवाई में अमड़ापाड़ा थाना प्रभारी अनुप रोशन भेंगरा, पुलिस अवर निरीक्षक चंदन कुमार सिंह, बुदीलाल मुर्मू, पप्पु कुमार, लिट्टीपाड़ा थाना प्रभारी विवेक कुमार, महेशपुर थाना प्रभारी रवि कुमार शर्मा, पाकुड़िया थाना प्रभारी मनोज कुमार महतो, अनिल कुमार पंडित समेत तकनीकी शाखा के जवान और अमड़ापाड़ा थाना का सशस्त्र बल शामिल रहा।

