Breaking
Tue. Sep 22nd, 2026

9.660 किलो अफीम के साथ दो तस्कर गिरफ्तार, बाइक और मोबाइल भी बरामद

पलामू। पलामू पुलिस ने मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत छतरपुर थाना क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए 9.660 किलोग्राम अवैध अफीम बरामद की है। पुलिस ने इस मामले में बिहार के गया जिले के रंजन रजक और पलामू के दयानंद प्रसाद को गिरफ्तार किया है। इनके पास से अफीम के अलावा एक मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन और इलेक्ट्रॉनिक वजन मशीन भी जब्त की गई है।

पुलिस के अनुसार 21 सितंबर की शाम पुलिस अधीक्षक को सूचना मिली थी कि बिहार का एक व्यक्ति मोटरसाइकिल से छतरपुर थाना क्षेत्र के करमा चराई में अफीम की खरीद-बिक्री के लिए पहुंचने वाला है। सूचना के आधार पर छतरपुर के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी प्रशांत कुमार के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने करमा चराई रोड स्थित पथलगढ़ा के समीप छतरपुर-जपला मुख्य मार्ग पर वाहन जांच शुरू की।

मध्य रात्रि में पुलिस टीम ने तेज गति से आ रही एक मोटरसाइकिल को रुकने का इशारा किया। पुलिस को देखकर चालक ने भागने का प्रयास किया, लेकिन जवानों ने उसे पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम रंजन रजक बताया। उसकी मोटरसाइकिल की डिक्की की तलाशी लेने पर दो काले प्लास्टिक में रखा 2.660 किलोग्राम अफीम बरामद हुई।

पुलिस ने रंजन से पूछताछ के बाद उसकी निशानदेही पर ग्राम मंझौली निवासी दयानंद प्रसाद के घर में छापेमारी की। मिट्टी के मकान के एक कमरे की तलाशी के दौरान पुलिस को 7 किलोग्राम अफीम मिली। दोनों स्थानों से बरामद कुल 9.660 किलोग्राम अफीम को जब्त कर सील कर दिया गया।

इस मामले में छतरपुर थाना कांड संख्या 156/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 18(बी), 25 और 29 में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया में जुटी है। पुलिस अब अफीम के स्रोत और गंतव्य का पता लगाने के साथ इस नेटवर्क में शामिल अन्य लोगों की तलाश कर रही है।

Related Post