Breaking
Sat. Sep 19th, 2026

*सदर अस्पताल में सर्पदंश जागरूकता रैली, समय पर इलाज का दिया संदेश*

चाईबासा: अंतरराष्ट्रीय सर्पदंश जागरूकता दिवस 2026 के अवसर पर सदर अस्पताल चाईबासा में सर्पदंश से बचाव, प्राथमिक उपचार और समय पर चिकित्सकीय उपचार के महत्व को लेकर जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। रैली का उद्देश्य लोगों को सर्पदंश की स्थिति में सही कदम उठाने और बिना देरी किए अस्पताल पहुंचने के प्रति जागरूक करना था।

रैली को सिविल सर्जन डॉ. मीना कल्णुडिया, जिला मलेरिया पदाधिकारी सह नोडल पदाधिकारी, एसबीपीसीपी डॉ. जगन्नाथ हेम्ब्रम तथा जिला कुष्ठ पदाधिकारी डॉ. मीनू कुमारी ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली में शामिल प्रतिभागियों ने लोगों को सर्पदंश से बचाव और उपचार को लेकर आवश्यक जानकारी दी।

रैली के माध्यम से बताया गया कि सर्पदंश की स्थिति में घबराने के बजाय पीड़ित को जल्द से जल्द नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाना चाहिए। किसी भी प्रकार के झाड़-फूंक या अन्य हानिकारक और अवैज्ञानिक पारंपरिक उपचार से बचने की अपील की गई। लोगों को बताया गया कि समय पर उचित चिकित्सकीय उपचार मिलने से सर्पदंश के कारण होने वाली गंभीर स्वास्थ्य जटिलताओं और मृत्यु के जोखिम को कम किया जा सकता है।

*प्रतिभागियों ने ली सर्पदंश जागरूकता की शपथ*

कार्यक्रम के दौरान रैली में शामिल सभी प्रतिभागियों ने सर्पदंश जागरूकता की शपथ ली। शपथ के माध्यम से लोगों तक सर्पदंश से बचाव के उपायों की जानकारी पहुंचाने, हानिकारक पारंपरिक उपचार से बचने, समय पर चिकित्सकीय उपचार को बढ़ावा देने और सर्पदंश की स्थिति में पीड़ित को तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाने के लिए लोगों को प्रेरित करने का संकल्प लिया गया।

कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य विभाग की ओर से कहा गया कि सर्पदंश को लेकर समुदाय में सही जानकारी और जागरूकता बढ़ाना जरूरी है। समय पर उपचार और सही जानकारी के माध्यम से सर्पदंश से होने वाली गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं को कम किया जा सकता है। रैली के माध्यम से आम लोगों को सर्पदंश की स्थिति में किसी तरह की देरी नहीं करने और सीधे स्वास्थ्य केंद्र पहुंचने का संदेश दिया गया।

Related Post