Breaking
Sat. Sep 19th, 2026

*गुरुद्वारा नानक दरबार में आसन माह की संगरांद पर हुआ कीर्तन*

चाईबासा: नानकशाही संवत के अनुसार आसन (अस्सु) माह की शुरुआत के अवसर पर गुरुद्वारा नानक दरबार में संगरांद का कार्यक्रम श्रद्धा और धार्मिक माहौल में आयोजित किया गया। इस अवसर पर गुरुद्वारा में सुबह विशेष धार्मिक कार्यक्रम हुआ, जिसमें साध संगत ने भाग लेकर गुरबाणी का श्रवण किया।

कार्यक्रम की शुरुआत गुरुद्वारा के ग्रंथी हरभजन सिंह द्वारा बारह माह का पाठ करने से हुई। इसके बाद उन्होंने मधुर आवाज में साज के साथ कीर्तन प्रस्तुत किया। कीर्तन के दौरान साध संगत ने गुरबाणी का श्रवण किया और धार्मिक वातावरण में समय बिताया। ग्रंथी हरभजन सिंह ने आसन माह से संबंधित श्लोक का पाठ भी किया और महीने के महत्व की जानकारी दी।

धार्मिक कार्यक्रम के दौरान हरभजन सिंह ने समूची साध संगत की सुख-शांति और स्वस्थ जीवन के लिए अरदास की। उन्होंने सभी के जीवन में सुख, शांति और खुशहाली की कामना की। इस दौरान गुरुद्वारा परिसर में मौजूद लोगों ने श्रद्धापूर्वक अरदास में हिस्सा लिया।

गुरुद्वारा नानक दरबार के अध्यक्ष गुरमुख सिंह खोखर ने साध संगत को आसन माह की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि सभी का आसन माह सुख-शांति से बीते और वाहेगुरु सभी को चढ़दी कला में रखें। उन्होंने बताया कि आगामी गुरु पर्व के तहत श्री गुरु नानक देव के प्रकाश पर्व का आयोजन 24 नवंबर को किया जाएगा। प्रकाश पर्व श्रद्धा और धार्मिक परंपराओं के अनुसार मनाया जाएगा।

कार्यक्रम के अंत में संगत के बीच कड़ाह प्रसाद और अल्पाहार का वितरण किया गया। इसके बाद संगरांद का धार्मिक कार्यक्रम संपन्न हुआ। आयोजन के दौरान गुरुद्वारा परिसर में श्रद्धा और भक्ति का माहौल बना रहा। बड़ी संख्या में साध संगत ने धार्मिक कार्यक्रम में शामिल होकर गुरु के प्रति अपनी आस्था प्रकट की।

Related Post