Breaking
Sat. Sep 19th, 2026

*मजदूरों की मांगों पर सेल प्रबंधन की सहमति, जल्द लागू नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी*

चाईबासा: मजदूरों से संबंधित विभिन्न मांगों को लेकर झारखंड मजदूर संघर्ष संघ और गुवा सेल प्रबंधन के बीच हुई बैठक में कई मांगों पर सहमति बनी है। एक सप्ताह पूर्व केंद्रीय अध्यक्ष रामा पांडे की अगुवाई में संघ के प्रतिनिधियों ने सेल प्रबंधन के साथ बैठक कर मजदूरों की समस्याओं को रखा था। प्रबंधन ने मांगों पर जल्द कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है।

बैठक की जानकारी केंद्रीय अध्यक्ष रामा पांडे ने यूनियन कार्यालय में मजदूरों के साथ आयोजित बैठक में दी। उन्होंने बताया कि आगामी दुर्गापूजा को देखते हुए ठेका मजदूरों को 10 हजार रुपये एडवांस देने की मांग पर सेल प्रबंधन सहमत हुआ है। इसके अलावा मजदूरों के क्वार्टरों में मरम्मत कार्य कराने का आश्वासन भी प्रबंधन की ओर से दिया गया है। छोटे-मोटे मरम्मत कार्यों को भी तत्काल पूरा करने की बात कही गई है।

रामा पांडे के अनुसार ठेका मजदूरों को स्किल्ड और सेमी स्किल्ड श्रेणी का लाभ देने पर भी प्रबंधन ने सहमति जताई है। वहीं, कई ठेका मजदूरों और सुरक्षा गार्डों के रिटेंचमेंट बेनिफिट का बकाया भुगतान अब तक नहीं हुआ है। इस मामले में सेल प्रबंधन ने जल्द बकाया राशि का भुगतान करने का आश्वासन दिया है।

बैठक में गुवा सेल अस्पताल की समस्याओं पर भी चर्चा हुई। प्रबंधन ने अस्पताल की साफ-सफाई व्यवस्था में सुधार करने, नई एक्स-रे मशीन लगाने, एक नया एंबुलेंस उपलब्ध कराने तथा दो डॉक्टरों की बहाली करने की बात कही है। मजदूरों का कहना है कि अस्पताल की सुविधाओं में सुधार होने से कर्मचारियों और उनके परिवारों को बेहतर चिकित्सा सुविधा मिल सकेगी।

केंद्रीय अध्यक्ष रामा पांडे ने कहा कि प्रबंधन ने मजदूरों की मांगों पर सहमति जताई है और उन्हें जल्द लागू करने का आश्वासन दिया है। उन्होंने कहा कि यदि मांगों को निर्धारित समय में लागू नहीं किया गया तो झारखंड मजदूर संघर्ष संघ आंदोलन करने के लिए बाध्य होगा। उन्होंने कहा कि आंदोलन की स्थिति उत्पन्न होने पर इसकी जिम्मेदारी सेल प्रबंधन की होगी।

यूनियन कार्यालय में हुई बैठक में बड़ी संख्या में मजदूर उपस्थित रहे और प्रबंधन की ओर से दिए गए आश्वासन को लेकर चर्चा की गई।

Related Post