Breaking
Tue. Sep 15th, 2026

*सदर अस्पताल चाईबासा में 16 मरीजों की सफल नेत्र शल्य चिकित्सा*

चाईबासा: अंधापन नियंत्रण कार्यक्रम के तहत सोमवार और मंगलवार को सदर अस्पताल चाईबासा में कुल 16 मरीजों की सफल नेत्र शल्य चिकित्सा की गई। इनमें मोतियाबिंद और टेरीजियम से पीड़ित मरीज शामिल थे। सभी मरीजों का ऑपरेशन नेत्र सर्जन डॉ सेलिन सोसन टोपनो ने किया।

जानकारी के अनुसार सोमवार को कुल सात मरीजों का ऑपरेशन किया गया। इनमें छह मोतियाबिंद और एक टेरीजियम के मरीज शामिल थे। वहीं मंगलवार को नौ मोतियाबिंद मरीजों की नेत्र शल्य चिकित्सा की गई। सभी ऑपरेशन सफल रहे और मरीजों को चिकित्सकीय निगरानी में रखा गया।

ऑपरेशन के दौरान सदर अस्पताल चाईबासा के नेत्र पदाधिकारी डॉ मनोज सिंह मुंडा, नेत्र सहायक रमण कुमार सिंह, कविता महतो, परिचारिका ज्योति हेरेंज, ड्रेसर अरविंद परमहंस कुजूर के अलावा प्रशिक्षु एएनएम मौजूद रहे।

अंधापन नियंत्रण कार्यक्रम के तहत अस्पताल में नेत्र संबंधी समस्याओं से पीड़ित मरीजों की जांच और आवश्यकतानुसार ऑपरेशन किया जा रहा है। इस अभियान का उद्देश्य जरूरतमंद मरीजों को समय पर नेत्र चिकित्सा उपलब्ध कराना और दृष्टि संबंधी समस्याओं का उपचार करना है। अस्पताल प्रबंधन के अनुसार आगे भी पात्र मरीजों की जांच कर आवश्यकतानुसार नेत्र शल्य चिकित्सा की जाएगी।

Related Post