चाईबासा: झारखंड सरकार के मंत्री सुदिव्य कुमार के आकस्मिक निधन पर पश्चिमी सिंहभूम जिले के नोआमुंडी प्रखंड अंतर्गत गुवा क्लब परिसर में जिला प्रशासन की ओर से श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। शोकाकुल वातावरण में आयोजित सभा में राज्य के जनप्रतिनिधियों, जिला प्रशासन के वरीय पदाधिकारियों एवं अन्य लोगों ने दिवंगत मंत्री के तैलचित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
श्रद्धांजलि सभा में राज्य के राजस्व एवं भूमि सुधार तथा परिवहन विभाग के मंत्री दीपक बिरुवा ने सुदिव्य कुमार के तैलचित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धासुमन अर्पित किए। उनके साथ सिंहभूम सांसद जोबा माझी, मझगांव विधायक नीरल पूर्ति, मनोहरपुर विधायक जगत माझी, घाटशिला विधायक सोमेश चंद्र सोरेन तथा जिला परिषद अध्यक्ष लक्ष्मी सुरीन ने भी तैलचित्र पर पुष्प अर्पित कर दिवंगत मंत्री को श्रद्धांजलि दी।
इस अवसर पर पश्चिमी सिंहभूम के उपायुक्त मनीष कुमार, पुलिस अधीक्षक अमित रेनू तथा उप विकास आयुक्त उत्कर्ष कुमार ने भी सुदिव्य कुमार के तैलचित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।
सभा में उपस्थित जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक पदाधिकारियों ने सुदिव्य कुमार के असामयिक निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया। वक्ताओं ने उनके निधन को झारखंड के लिए अपूरणीय क्षति बताते हुए दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की तथा शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।
गुवा क्लब परिसर में आयोजित श्रद्धांजलि सभा के दौरान माहौल पूरी तरह भावुक और शोकमय रहा। उपस्थित लोगों ने मौन भाव से दिवंगत मंत्री को याद किया और उनके तैलचित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धासुमन अर्पित किए। लोगों ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करने तथा शोकाकुल परिवार को इस दुख की घड़ी में धैर्य देने की प्रार्थना की।

