चाईबासा। गुवा गोलीकांड के शहीदों की स्मृति में मंगलवार को गुवा स्थित शहीद स्थल पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के पहुंचने का कार्यक्रम निर्धारित था, लेकिन उनकी मां रूपी सोरेन के इलाज के लिए हैदराबाद जाने के कारण उनका गुवा दौरा रद्द हो गया। मुख्यमंत्री के नहीं पहुंचने के बाद राज्य के राजस्व एवं परिवहन मंत्री दीपक बिरुवा ने शहीद स्थल पहुंचकर गुवा गोलीकांड के शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की।
सुबह से ही गुवा शहीद स्थल पर श्रद्धांजलि देने के लिए लोगों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था। पश्चिमी सिंहभूम के विभिन्न क्षेत्रों से आए लोगों ने शहीदों को श्रद्धा सुमन अर्पित किए। स्थानीय लोगों ने पारंपरिक रीति-रिवाज के अनुसार पूजा-अर्चना कर शहीदों को नमन किया।
मंत्री दीपक बिरुवा ने शहीदों को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि गुवा गोलीकांड झारखंड के संघर्ष और इतिहास की महत्वपूर्ण घटना है। शहीदों ने अपने अधिकारों और क्षेत्र के हितों के लिए संघर्ष करते हुए अपना बलिदान दिया। उनकी कुर्बानी को कभी भुलाया नहीं जा सकता। उन्होंने कहा कि शहीदों के संघर्ष और उनके विचारों को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाना सभी की जिम्मेदारी है।
गुवा शहीद दिवस के अवसर पर शहीद स्थल पर दिनभर श्रद्धांजलि का सिलसिला जारी रहा। स्थानीय लोगों के साथ सामाजिक कार्यकर्ताओं और विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे लोगों ने शहीदों को याद किया। मुख्यमंत्री के दौरे के रद्द होने के बावजूद कार्यक्रम में लोगों की भागीदारी बनी रही और पारंपरिक तरीके से शहीदों के प्रति सम्मान प्रकट किया गया।

