बोकारो। अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पिंड्राजोरा थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक महिंद्रा XUV 500 वाहन से भारी मात्रा में केन बीयर बरामद की है। पुलिस ने वाहन को जब्त कर लिया है, जबकि चालक और उसके साथ मौजूद एक अन्य व्यक्ति मौके से फरार होने में सफल रहे।
पुलिस के अनुसार, 7 सितंबर 2026 को दोपहर करीब 3:50 बजे पिंड्राजोरा थाना प्रभारी को गुप्त सूचना मिली थी कि पश्चिम बंगाल के पुरुलिया से एक सफेद रंग की महिंद्रा XUV 500, जिसका पंजीयन संख्या WB02AA 5500 है, पिंड्राजोरा थाना क्षेत्र से होते हुए चास की ओर जा रही है। सूचना थी कि वाहन में बड़ी मात्रा में अवैध शराब ले जाई जा रही है।
सूचना के आधार पर पुलिस गश्ती दल को तत्काल वाहन जांच का निर्देश दिया गया। पुलिस अवर निरीक्षक दिलीप टुडू के नेतृत्व में चास कॉलेज के पास विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान संदिग्ध वाहन पुलिस के चेक नाका को चकमा देकर भाग निकला। इसके बाद पुलिस टीम ने वाहन का पीछा किया और सेक्टर-12 थाना क्षेत्र के बिरसा बासा के पास उसे पकड़ लिया। हालांकि वाहन में सवार चालक और उसका सहयोगी मौके का फायदा उठाकर फरार हो गए।
पुलिस ने वाहन की तलाशी ली तो उसके अंदर 45 कार्टून HAYWARDS 5000 केन बीयर बरामद हुई। प्रत्येक कार्टून में 24 केन थे। इस तरह कुल 1080 केन बीयर पुलिस ने जब्त की है। इसके साथ ही शराब की ढुलाई में इस्तेमाल महिंद्रा XUV 500 को भी जब्त कर लिया गया।
इस मामले में वाहन मालिक, चालक और चालक के साथ मौजूद एक अन्य व्यक्ति के खिलाफ पिंड्राजोरा थाना कांड संख्या 109/26, दिनांक 7 सितंबर 2026 के तहत धारा 274/275/3(5) बीएनएस 2023 एवं 47(ए) उत्पाद अधिनियम 1915 में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस फरार आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए आगे की कार्रवाई कर रही है।
कार्रवाई में पिंड्राजोरा थाना के सह थाना प्रभारी रवि कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक दिलीप टुडू, आरक्षी दीपक कुमार महतो, आरक्षी दिलीप विश्वकर्मा और गृहरक्षक चालक चंदन कुमार शामिल रहे।

