जमशेदपुर। पूर्वी सिंहभूम पुलिस ने जिले में नशे के अवैध कारोबार, अवैध हथियारों की तस्करी और अड्डेबाजी के खिलाफ जुलाई और अगस्त 2026 में व्यापक अभियान चलाकर बड़ी कार्रवाई की है। वरीय पुलिस अधीक्षक कार्यालय की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, पुलिस ने अपराध पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए अपने आसूचना और सूचना तंत्र को मजबूत करते हुए विशेष अभियान संचालित किया।
नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए गए अभियान में जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में कुल 18 मामले दर्ज किए गए। इन मामलों में संलिप्त 36 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा गया। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान 133.9 किलोग्राम गांजा और 108.6 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद किया। पुलिस के अनुसार, अभियान का उद्देश्य नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार से जुड़े नेटवर्क पर प्रभावी प्रहार करना और इसमें शामिल अपराधियों को कानून के शिकंजे में लाना था।
इसी तरह अवैध हथियारों के खिलाफ भी पुलिस ने सख्त रुख अपनाया। विभिन्न थाना क्षेत्रों में हथियार से संबंधित 10 मामले दर्ज किए गए और 31 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा गया। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान 10 देशी हथियार और 15 जिंदा कारतूस बरामद किए। पुलिस का कहना है कि अवैध हथियारों के जरिए आपराधिक गतिविधियों को बढ़ावा देने वालों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
वहीं, सार्वजनिक स्थानों पर अड्डेबाजी और संदिग्ध गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए भी व्यापक चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान जिले में 2000 से अधिक लोगों की जांच की गई। अड्डेबाजी में संलिप्त पाए गए 787 व्यक्तियों को पीआर बांड पर रिहा किया गया। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अपराध नियंत्रण और आम लोगों की सुरक्षा को लेकर जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

