Breaking
Fri. Oct 23rd, 2026

कोवाली थाना पहुंचे एसएसपी एहतेशाम वकारिब, औचक निरीक्षण कर लंबित मामलों की समीक्षा की

जमशेदपुर। पूर्वी सिंहभूम के एसएसपी डॉ. एहतेशाम वकारिब ने सोमवार को कोवाली थाना का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने थाना की कार्यप्रणाली, लंबित मामलों और पुलिसिंग से जुड़े विभिन्न बिंदुओं की बारीकी से समीक्षा की। एसएसपी के अचानक थाना पहुंचने से पुलिस पदाधिकारियों में भी सक्रियता बढ़ गई।

निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने थाना प्रभारी समेत सभी पदस्थापित पुलिस पदाधिकारियों से दैनंदिनी रजिस्टर, लंबित वारंट, अनुसंधानाधीन एवं लंबित कांडों की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को लंबित मामलों के निष्पादन में तेजी लाने तथा फरार और वारंटियों की गिरफ्तारी के लिए प्रभावी कार्रवाई करने का निर्देश दिया।

एसएसपी ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र में पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी लोगों की सुरक्षा के साथ शांति और सामाजिक सद्भाव बनाए रखना है। उन्होंने थाना क्षेत्र में किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि, अवैध कारोबार और नशे के कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए लगातार अभियान चलाने का निर्देश दिया। उन्होंने असामाजिक गतिविधियों में संलिप्त लोगों को चिन्हित कर उनके खिलाफ नियमानुसार कड़ी कानूनी कार्रवाई करने को कहा।

उन्होंने पुलिस पदाधिकारियों को आम लोगों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने और उनकी शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने की भी हिदायत दी। एसएसपी ने स्पष्ट किया कि अपराध नियंत्रण और कानून व्यवस्था बनाए रखने में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

मौके पर कोवाली थाना प्रभारी मुकेश कुमार साव, सब इंस्पेक्टर सिदो मुर्मू, सहदेव सिंह, गौतम कुमार, प्रमोद सिंह, जेएसआई सहित चौकीदार मौजूद थे।

Related Post