Breaking
Fri. Oct 23rd, 2026

कांके में दिल्ली पुलिस की छापेमारी, दो थार और चार बाइक बरामद, मास्टरमाइंड समीर अंसारी फरार

रांची। दिल्ली में वाहन चोरी की घटनाओं को अंजाम देने वाले एक कथित गिरोह के खिलाफ दिल्ली पुलिस ने झारखंड की राजधानी रांची के कांके स्थित सुहाना सिटी में छापेमारी की। कांके पुलिस के सहयोग से की गयी इस कार्रवाई में पुलिस ने दो थार वाहन और चार मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। छापेमारी के दौरान गिरोह का कथित मास्टरमाइंड समीर अंसारी पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। पुलिस ने उसके परिजनों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है।

दिल्ली पुलिस के अनुसार, गिरोह के सदस्य ट्रैवल एजेंसियों से चारपहिया वाहन किराये पर लेते थे और फिर फर्जी पहचान पत्रों के सहारे उन्हें लेकर फरार हो जाते थे। बताया जा रहा है कि पिछले करीब आठ महीनों से गिरोह इस तरीके से वाहन चोरी की घटनाओं को अंजाम दे रहा था। चोरी के बाद वाहनों की नंबर प्लेट बदल दी जाती थी, ताकि उनकी पहचान छिपाई जा सके। इसके बाद वाहनों को बेच दिया जाता था या कबाड़ में खपा दिया जाता था।

गिरोह तक पहुंचने के लिए दिल्ली पुलिस ने जीपीएस तकनीक का सहारा लिया। पुलिस ने ट्रैवल एजेंसी के माध्यम से जीपीएस लगा एक वाहन किराये पर दिलवाया था। गिरोह के सदस्य कथित तौर पर उस वाहन को भी लेकर फरार हो गये और उसे कांके स्थित समीर अंसारी के आवास पर पहुंचा दिया। जीपीएस से वाहन की लोकेशन मिलने के बाद दिल्ली पुलिस रांची पहुंची और स्थानीय पुलिस के साथ मिलकर कार्रवाई की योजना बनायी।

पुलिस के मुताबिक, छापेमारी से पहले रात करीब तीन बजे से समीर के आवास की निगरानी की जा रही थी। सुबह करीब पांच बजे कांके पुलिस को साथ लेकर कार्रवाई शुरू की गयी। पुलिस ने घर का दरवाजा खुलवाने का प्रयास किया, लेकिन करीब दो घंटे तक दरवाजा नहीं खोला गया। इसी बीच समीर अंसारी घर के पिछले दरवाजे से निकलकर धान के खेत की ओर भाग गया। पुलिस ने उसका पीछा किया, लेकिन वह पकड़ में नहीं आया।

तलाशी के दौरान पुलिस ने दो थार और चार मोटरसाइकिलें जब्त कीं। पुलिस का दावा है कि वाहनों पर दिल्ली के फर्जी नंबर प्लेट लगे हुए थे। इसके अलावा समीर के नाम और पहचान से संबंधित एक कथित फर्जी पासपोर्ट भी बरामद किया गया है। पुलिस के अनुसार, पासपोर्ट पर तस्वीर समीर की थी, जबकि उस पर किसी अन्य व्यक्ति का नाम दर्ज था। जांच में यह भी सामने आया है कि वह कथित तौर पर चोरी के पैसों के जरिए इस पासपोर्ट का इस्तेमाल कर दुबई जा चुका था।

फिलहाल दिल्ली पुलिस और कांके पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों, चोरी के वाहनों के नेटवर्क और अब तक अंजाम दी गयी वारदातों के संबंध में जानकारी जुटा रही हैं। फरार समीर अंसारी की गिरफ्तारी के लिए भी प्रयास किये जा रहे हैं।

Related Post