Breaking
Sun. Sep 6th, 2026

शिक्षक समाज के निर्माता, उनका ज्ञान पीढ़ियों तक देता है दिशा : विकास सिंह

जमशेदपुर। बाबा बैद्यनाथ सेवा संघ की ओर से रविवार को मानगो डिमना रोड स्थित महेंद्र मैरिज हॉल में शिक्षक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में करीब 500 शिक्षक-शिक्षिकाओं को उनके सामाजिक और शैक्षणिक योगदान के लिए अंगवस्त्र एवं उपहार देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में सरकारी, अर्धसरकारी और निजी विद्यालयों के साथ डिग्री एवं इंटर कॉलेज, उच्च, मध्य और प्राथमिक विद्यालयों के प्रतिनिधि भी शामिल हुए।

समारोह में शिक्षकों का पारंपरिक तरीके से स्वागत किया गया। संघ के संयोजक एवं संस्थापक सदस्य विकास सिंह और उनकी टीम ने शिक्षकों के चरण धोकर तथा माथे पर कुमकुम लगाकर उन्हें सभागार में प्रवेश कराया। कार्यक्रम की शुरुआत डॉक्टर सर्वपल्ली राधाकृष्णन के चित्र पर पुष्प अर्पित करने और दीप प्रज्वलित करने के साथ हुई।

मौके पर विकास सिंह ने कहा कि शिक्षक समाज के ऐसे मार्गदर्शक हैं, जिनका दिया ज्ञान उनके जाने के बाद भी समाप्त नहीं होता। उन्होंने कहा कि शिक्षक अपने ज्ञान से कई पीढ़ियों का भविष्य संवारते हैं और समाज को अंधकार से निकालकर प्रकाश की ओर ले जाते हैं। उन्होंने शिक्षकों को सम्मान देने के लिए समाज की सोच में स्थायी बदलाव की आवश्यकता बताई।

कार्यक्रम में प्रतियोगी परीक्षाओं के पेपर लीक और नशे के बढ़ते प्रभाव पर भी वक्ताओं ने चिंता जताई। कहा गया कि पेपर लीक प्रतिभाशाली विद्यार्थियों के साथ अन्याय ही नहीं, बल्कि देश की प्रगति में बाधा डालने वाला गंभीर अपराध है। वहीं नशे को युवा पीढ़ी और समाज के लिए बड़ी चुनौती बताया गया। कवि शेषनाग सिंह ने नशामुक्ति का संदेश देती कविता भी प्रस्तुत की।

कार्यक्रम में बच्चों का सांस्कृतिक कार्यक्रम, कठपुतली नृत्य और शिक्षिकाओं के लिए म्यूजिकल चेयर आयोजित होना था, लेकिन झारखंड सरकार के कैबिनेट मंत्री स्वर्गीय सुदिव्य कुमार सोनू के निधन के कारण सभी मनोरंजन कार्यक्रम स्थगित कर दिए गए। अंत में उपस्थित लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत मंत्री को श्रद्धांजलि अर्पित की।

समारोह में एनआईटी के मैकेनिकल विभागाध्यक्ष डॉ. बी. कुमार, जेकेएस कॉलेज के संस्थापक डॉ. ए.पी. सिंह, डॉ. आरती निछावन, डॉ. निधि घई, विकास सिंह, हरी सिंह राजपूत, छोटेलाल सिंह, डॉ. पुष्कर बाला, डॉ. यू.पी. सिंह, दीपक चरण दत्ता, डॉ. जटाशंकर पांडे, विकास कुमार सिंह, अमर सिंह, बलराम शर्मा, शशि भूषण शर्मा, अभिषेक कमल, शंभू शरण सिंह, सविता गोस्वामी और प्रीति बोस समेत बड़ी संख्या में शिक्षक-शिक्षिकाएं मौजूद रहे।

Related Post