गिरिडीह। झारखंड सरकार के मंत्री और गिरिडीह विधायक सुदिव्य कुमार सोनू का रविवार को हरसिंगरायडीह श्मशान घाट में पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। अंतिम यात्रा में बड़ी संख्या में राजनीतिक कार्यकर्ता, समर्थक, सामाजिक संगठनों से जुड़े लोग और आम नागरिक शामिल हुए। अपने प्रिय नेता को अंतिम विदाई देने पहुंचे लोगों की आंखें नम थीं और पूरा माहौल शोक में डूबा रहा।
अंतिम संस्कार के दौरान मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू के बेटे श्रेयश ने उन्हें मुखाग्नि दी। मुखाग्नि के साथ ही वह पंचतत्व में विलीन हो गए। अंतिम विदाई के इस भावुक क्षण में परिजनों, समर्थकों और शुभचिंतकों का दुख देखते ही बन रहा था।
अंतिम संस्कार में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन समेत झारखंड सरकार के कई मंत्री, विधायक और अन्य राजनीतिक नेता मौजूद रहे। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन भी सुदिव्य कुमार सोनू को अंतिम विदाई देते समय भावुक हो उठे। उन्होंने अर्थी को कांधा दिया और अपने करीबी साथी को याद करते हुए विलख पड़े। इस दौरान वे भावुक होकर “सोनू भैया वापस आ जाओ” कहते नजर आए।
सुदिव्य कुमार सोनू के असामयिक निधन से झारखंड के राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र में शोक की गहरी लहर है। गिरिडीह में उनके समर्थकों और पार्टी कार्यकर्ताओं के बीच भी गम का माहौल बना हुआ है। अंतिम संस्कार के दौरान बड़ी संख्या में लोगों ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनकी राजनीतिक और सामाजिक भूमिका को याद किया।

