पलामू। नक्सल विरोधी अभियान के दौरान पिछले वर्ष वीरगति को प्राप्त हुए पलामू पुलिस के जवान शहीद आरक्षी संतन कुमार मेहता और शहीद आरक्षी सुनील राम को शुक्रवार को उनकी शहादत की पहली बरसी पर भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी गई। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक कपिल चौधरी ने दोनों शहीद जवानों को नमन करते हुए उनके अदम्य साहस और कर्तव्य के प्रति समर्पण को याद किया।
शहीद आरक्षी संतन कुमार मेहता के पैतृक गांव बरेवा में उनकी स्मृति में निर्मित प्रतिमा और स्मारक का पुलिस अधीक्षक ने अनावरण किया। इसके बाद उन्होंने शहीद की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए। उन्होंने कहा कि संतन कुमार मेहता ने कर्तव्य का निर्वहन करते हुए सर्वोच्च बलिदान दिया, जिसे हमेशा याद रखा जाएगा।
इसी क्रम में हैदरनगर थाना क्षेत्र के परता गांव निवासी शहीद आरक्षी सुनील राम के चित्र पर भी पुलिस अधीक्षक ने माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि दी। कार्यक्रम में मौजूद पुलिस अधिकारियों, जवानों और ग्रामीणों ने भी दोनों शहीदों को श्रद्धासुमन अर्पित किए।
इस मौके पर पुलिस अधीक्षक कपिल चौधरी ने कहा कि देश और समाज की सुरक्षा के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले पुलिस जवानों का बलिदान कभी भुलाया नहीं जा सकता। शहीद जवानों की वीरता, कर्तव्यनिष्ठा और साहस पुलिस बल के साथ-साथ समाज के लिए भी प्रेरणा का स्रोत हैं। उन्होंने कहा कि पलामू पुलिस शहीद परिवारों के साथ हमेशा मजबूती से खड़ी रहेगी।
कार्यक्रम में हुसैनाबाद के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, हैदरनगर थाना प्रभारी समेत अन्य पुलिस पदाधिकारी, पुलिस बल के जवान और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। शहीदों की स्मृति में आयोजित कार्यक्रम के दौरान पूरे माहौल में सम्मान, गर्व और भावुकता दिखाई दी।

