Breaking
Fri. Sep 4th, 2026

चाईबासा पहुंची देवेंद्र महतो की भर्ती सुधार यात्रा, पेपर लीक और भ्रष्टाचार के खिलाफ आंदोलन तेज करने की चेतावनी

चाईबासा। JPSC-JSSC भ्रष्टाचार मुक्त अभियान के तहत छात्र नेता देवेंद्र महतो की भर्ती व्यवस्था सुधार यात्रा शुक्रवार को पश्चिमी सिंहभूम जिला मुख्यालय चाईबासा पहुंची। यात्रा वाहन के चाईबासा पहुंचते ही बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने उनका जोरदार स्वागत किया और भर्ती व्यवस्था में सुधार की मांग को लेकर अपना समर्थन जताया।

चाईबासा में छात्रों को संबोधित करते हुए देवेंद्र महतो ने झारखंड की भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं और पेपर लीक के मुद्दे पर सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि लगातार सामने आ रहे पेपर लीक के मामलों ने राज्य के लाखों युवाओं के भविष्य को अंधकार में डाल दिया है। मेहनत कर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले छात्र आज व्यवस्था की खामियों के कारण दर-दर भटकने को मजबूर हैं। उन्होंने कहा कि भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता का अभाव युवाओं के बीच लगातार बढ़ रहे आक्रोश का बड़ा कारण है।

महतो ने कहा कि JPSC घोटाला बेहद गंभीर मामला है और इसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। उन्होंने JPSC घोटाले में मुख्य आरोपी बताए जा रहे अभय तिवारी समेत अन्य संबंधित लोगों की सीबीआई जांच कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि यदि किसी घोटाले में मंत्री, विधायक या कोई बड़ा प्रशासनिक अधिकारी भी शामिल हो, तो सरकार को बिना किसी दबाव के निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करनी चाहिए।

उन्होंने कहा कि झारखंड के युवाओं के भविष्य के साथ किसी भी तरह का खिलवाड़ स्वीकार नहीं किया जाएगा। भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता और सुधार के लिए सरकार को समय रहते ठोस कदम उठाने होंगे। महतो ने चेतावनी दी कि यदि भर्ती व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया तो राज्यभर में आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

चाईबासा में मौजूद छात्र-छात्राओं ने भर्ती सुधार यात्रा के प्रति अपना समर्थन जताते हुए भ्रष्टाचार के खिलाफ एकजुट होकर आवाज उठाने का संकल्प लिया। महतो ने भी युवाओं से अपील की कि वे अपने अधिकारों और पारदर्शी भर्ती व्यवस्था के लिए एकजुट रहें।

Related Post