Breaking
Fri. Sep 4th, 2026

*दिल्ली में 6 सितंबर को राष्ट्रीय आदिवासी सम्मेलन, 7 को जंतर-मंतर पर प्रदर्शन*

चाईबासा: कोल्हान में सक्रिय युवा सामाजिक कार्यकर्ताओं का एक प्रतिनिधिमंडल राष्ट्रीय आदिवासी सम्मेलन में आदिवासी हो समुदाय का प्रतिनिधित्व करने के लिए शुक्रवार 4 सितंबर को रांची से ट्रेन के माध्यम से दिल्ली के लिए रवाना हुआ। 6 सितंबर को नई दिल्ली स्थित मावलंकर हॉल में राष्ट्रीय आदिवासी सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा, जबकि 7 सितंबर को खान एवं खनिज संशोधन विधेयक 2026 के विरोध में जंतर-मंतर पर प्रदर्शन किया जाएगा।

प्रतिनिधिमंडल में बिरसिंह बानरा, निर्मल सिंकु, लक्ष्मी पुरती, हीरामनी देवगम, सुशीला बोदरा, सुषमा बिरुली और बृजमोहन डिग्गी शामिल हैं। सम्मेलन में प्रतिनिधिमंडल आदिवासी हो समुदाय से जुड़े विभिन्न मुद्दों को राष्ट्रीय स्तर पर उठाएगा।

सम्मेलन में आदिवासी अधिकार राष्ट्रीय मंच की ओर से चार प्रमुख मुद्दों पर चर्चा की जाएगी। इनमें वनाधिकार और विस्थापन, आदिवासियों का बहिष्करण और भेदभाव, आदिवासी छात्रों के लिए शिक्षा के अधिकार एवं रोजगार तथा आदिवासी पहचान, संस्कृति, भाषा और आस्थाओं की रक्षा शामिल है। इन विषयों पर चर्चा के बाद आगे के संघर्ष और आंदोलन की रणनीति तैयार की जाएगी।

राष्ट्रीय सम्मेलन में झारखंड के अलावा पश्चिम बंगाल, असम, त्रिपुरा, ओडिशा, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, राजस्थान, गुजरात, महाराष्ट्र, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु, केरल, कर्नाटक और बिहार सहित विभिन्न राज्यों से आदिवासी अधिकार राष्ट्रीय मंच से जुड़े प्रतिनिधियों के शामिल होने की बात कही गई है।

सम्मेलन का शुभारंभ स्वागत भाषण के साथ राष्ट्रीय अध्यक्ष जितेंद्र चौधरी करेंगे। उद्घाटन सुप्रीम कोर्ट के पूर्व न्यायाधीश मदन लोकुर करेंगे। इसके बाद राष्ट्रीय संयोजक डॉ. पुलिन बिहारी बास्के, पूर्व सांसद सम्मेलन में विषय प्रवेश पर संबोधित करेंगे। सम्मेलन में चारों प्रमुख मुद्दों पर अलग-अलग रिपोर्ट प्रस्तुत की जाएगी, जिसके बाद प्रतिनिधियों के बीच चर्चा होगी। समापन वक्तव्य मंच की उपाध्यक्ष बृंदा करात, पूर्व सांसद करेंगी।

प्रतिनिधिमंडल के अनुसार 7 सितंबर को खान एवं खनिज संशोधन विधेयक 2026 के खिलाफ जंतर-मंतर पर राष्ट्रीय स्तर पर प्रदर्शन किया जाएगा। प्रतिनिधिमंडल के दिल्ली रवाना होने के साथ ही कोल्हान से सम्मेलन और प्रदर्शन में भागीदारी की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

Related Post