गढ़वा। धुरकी थाना क्षेत्र में अपराधियों और वारंटियों की गिरफ्तारी को लेकर पुलिस ने बुधवार रात विशेष छापामारी अभियान चलाया। थाना प्रभारी जनार्दन राउत के नेतृत्व में चलाए गए इस अभियान में पुलिस पदाधिकारियों और सशस्त्र बल के जवान शामिल रहे।
पुलिस के अनुसार अभियान का उद्देश्य थाना क्षेत्र में विभिन्न मामलों में वांछित आरोपियों, वारंटियों और फरार अभियुक्तों को गिरफ्तार करना तथा न्यायालय से जारी वारंट और कुर्की आदेशों का प्रभावी तरीके से पालन कराना था।
अभियान के दौरान पुलिस टीम ने थाना क्षेत्र के अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों में मरचईया गांव निवासी 65 वर्षीय नारदमुनि राय, टाटीदीरी गांव निवासी 60 वर्षीय कामेश्वर यादव और उनके 30 वर्षीय पुत्र नागेंद्र यादव तथा अंबाखोरिया निवासी धर्मेंद्र साहू शामिल हैं।
पुलिस ने बताया कि चारों आरोपियों के खिलाफ आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। गढ़वा पुलिस ने कहा कि अपराधियों पर नियंत्रण और न्यायालय के आदेशों के अनुपालन को लेकर जिले में इस तरह के विशेष अभियान आगे भी जारी रहेंगे।

