Breaking
Fri. Sep 4th, 2026

निर्मल नगर में चेन छिनतई के बाद युवक पर चाकू से हमला, नाले में फेंकने का आरोप

जमशेदपुर। सीतारामडेरा थाना क्षेत्र के होम पाइप बस्ती के निर्मल नगर में शुक्रवार सुबह विवाद के दौरान एक महिला से सोने की चेन छीनने और उसके बेटे पर जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। घटना में अमित कुमार नामक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजनों ने उसे इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया है।

घटना को लेकर पीड़ित महिला ने पुलिस को बताया कि सुबह उनके घर के बाहर कुछ युवक तार जला रहे थे। उन्होंने युवकों को ऐसा करने से मना किया तो इसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया। आरोप है कि कहासुनी के दौरान युवकों ने महिला के गले से सोने की चेन छीन ली। महिला के मुताबिक, चेन की कीमत करीब डेढ़ लाख रुपये है।

महिला का आरोप है कि जब उनके बेटे अमित कुमार ने मामले में हस्तक्षेप किया तो युवकों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान उस पर चाकू से हमला कर दिया गया। हमले में अमित के हाथ और पैर में गंभीर चोटें आईं। आरोप है कि हमलावरों ने घायल अवस्था में अमित को उठाकर नाले में फेंक दिया।

शोर सुनकर परिवार के अन्य सदस्य मौके पर पहुंचे और अमित को बचाने का प्रयास किया। पीड़ित परिवार के अनुसार, आरोपियों ने उन्हें भी धमकाया और बीच-बचाव करने पर जान से मारने की चेतावनी दी। बाद में परिजनों ने घायल अमित को नाले से बाहर निकाला और एमजीएम अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज चल रहा है।

पीड़ित महिला ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपियों ने घटना की भनक लगने या वारदात को अंजाम देने से पहले उनके घर के बाहर लगे दो सीसीटीवी कैमरे निकाल दिए थे। महिला का दावा है कि घटना की तस्वीरें कैमरे में कैद न हो सकें, इसी उद्देश्य से कैमरों को हटाया गया।

घटना की सूचना मिलने के बाद सीतारामडेरा थाना पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। थाना प्रभारी आनंद मिश्रा ने बताया कि पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। जांच के आधार पर दोषियों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

Related Post