Breaking
Mon. Aug 31st, 2026

पुतला दहन कर परविंदर सिंह ने राहुल गांधी पर एफआईआर का जताया विरोध

जमशेदपुर। पूर्वी सिंहभूम जिला कांग्रेस कमिटी के जिलाध्यक्ष परविंदर सिंह के नेतृत्व में सोमवार को बिष्टूपुर सिग्नल चौक पर केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया गया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार का पुतला दहन कर राहुल गांधी के खिलाफ दर्ज प्राथमिकी को लेकर अपना विरोध जताया।

जिलाध्यक्ष परविंदर सिंह ने कहा कि उत्तराखंड के हल्द्वानी में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की सभा के बाद सभा स्थल पर कथित रूप से किए गए शुद्धिकरण यज्ञ को लेकर राहुल गांधी के बयान पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। उन्होंने कहा कि आठ अगस्त को हल्द्वानी के रामलीला मैदान में मल्लिकार्जुन खड़गे की सभा हुई थी। इसके बाद 11 अगस्त को कुछ लोगों ने सभा स्थल पर शुद्धिकरण यज्ञ और हवन किया था।

परविंदर सिंह ने कहा कि राहुल गांधी ने इस आयोजन को दलितों के अपमान और छुआछूत से जोड़ते हुए इसके जिम्मेदार लोगों के खिलाफ एससी एसटी एक्ट के तहत कार्रवाई की मांग की थी। इसके बाद स्थानीय अनुसूचित जाति समुदाय के लोगों की शिकायत के आधार पर हल्द्वानी थाने में राहुल गांधी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता और एससी एसटी एक्ट की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी के खिलाफ दर्ज प्राथमिकी दुर्भावनापूर्ण है और इसके जरिए विपक्ष की आवाज को दबाने का प्रयास किया जा रहा है।

जिलाध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस सामाजिक न्याय और लोकतांत्रिक अधिकारों के मुद्दे पर लगातार संघर्ष करती रहेगी। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ पार्टी कार्यकर्ता सड़क पर उतरकर जनता की आवाज बुलंद करेंगे।

कार्यकारी अध्यक्ष अवधेश सिंह ने कहा कि भाजपा सरकार हर मोर्चे पर विफल साबित हो रही है और आम जनता परेशान है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी सरकार की नीतियों के खिलाफ अपना आंदोलन और तेज करेगी।

कार्यक्रम का प्रबंधन जिला कांग्रेस कार्यालय प्रभारी संजय सिंह आजाद ने किया। उन्होंने प्रदर्शन में शामिल सभी कार्यकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त किया। मौके पर रियाजुद्दीन खान, ब्रजेन्द्र तिवारी, अमरजीत नाथ मिश्र, रईस रिजवी छब्बन, जगदीश नारायण चौबे, मनोज सिंह, उदय कुमार सिंह, नलिनी सिन्हा, अतुल गुप्ता, अरुण सिंह, आशुतोष सिंह, अमित श्रीवास्तव, शिल्पी चक्रवर्ती, अंसार खान, बबलू नौशाद, शाहिद इकबाल, शमशेर आलम, अंकुश बनर्जी, तनवीर खान, मुन्ना मिश्र, सुरेश धारी, दीपक यादव, गुरदीप सिंह सोहल, रंजन सिंह, अली रजा खान, राजीव मिश्र, शिबु सिंह, ईशान पात्रा, राकेश साहू, मकसूद आलम, फिरोज खान, संदीप मिश्रा, कौशल प्रधान, अरुण बारीक, फरहत बेगम, अमर कुमार मिश्र, रंजीत झा, रंजीत सिंह, सुब्रतो दास, देवेंद्र कुमार, पंकज कुमार, अजय शर्मा, कमल अग्रवाल, लव निराला, राकेश कुमार पाण्डेय, राजकुमार वर्मा समेत सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Related Post