Breaking
Mon. Aug 31st, 2026

*एसजे डीएवी पब्लिक स्कूल में वरिष्ठ शिक्षक चंद्रशेखर को भावभीनी विदाई*

चाईबासा: सूरजमल जैन डीएवी पब्लिक स्कूल, चाईबासा में विज्ञान विभाग के वरिष्ठ शिक्षक सह सुपरवाइजरी हेड चंद्रशेखर की सेवानिवृत्ति के अवसर पर विदाई समारोह आयोजित किया गया। विद्यालय परिवार ने उनके लंबे सेवाकाल, शैक्षणिक योगदान, समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा को याद करते हुए भावभीनी विदाई दी।

कार्यक्रम की शुरुआत तीन बार ओ३म् के उच्चारण और गायत्री मंत्र के साथ हुई। इसके बाद प्राचार्य-सह-एआरओ ने चंद्रशेखर को शॉल ओढ़ाकर एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया। संबोधन में उन्होंने चंद्रशेखर के विद्यालय के प्रति समर्पण और दीर्घकालीन सेवाओं की सराहना करते हुए उनके आगामी जीवन के लिए सुख, शांति, उत्तम स्वास्थ्य और सफलता की कामना की।

वक्ताओं ने कहा कि चंद्रशेखर केवल शिक्षक ही नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के मार्गदर्शक भी रहे। उन्होंने विज्ञान जैसे विषय को सरल और रोचक तरीके से विद्यार्थियों के सामने प्रस्तुत किया। इस अवसर पर विद्यालय की शिक्षिकाओं ने सामूहिक गीत प्रस्तुत कर उनके प्रति अपनी भावनाएं व्यक्त कीं।

समारोह में विकास कुमार पांडेय, सुब्रत डे, एस. बी. सिंह और आर. के. द्विवेदी ने चंद्रशेखर के साथ बिताए अनुभवों और यादों को साझा किया। उन्होंने उनके सहज, सहयोगी और कर्तव्यनिष्ठ व्यक्तित्व की सराहना की। विज्ञान विभाग की ओर से उन्हें स्मृतिचिह्न भेंट किया गया। संगीत शिक्षक ओ सी दास ने भावपूर्ण गीत प्रस्तुत किया।

अपने संबोधन में चंद्रशेखर ने सेवाकाल की स्मृतियां साझा करते हुए विद्यालय और सहकर्मियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने विद्यालय परिवार के साथ बिताए अनुभवों को याद किया।

कार्यक्रम का संचालन शिक्षिका मनीषा सिन्हा ने किया। समापन शांतिपाठ के साथ हुआ। विदाई के मौके पर विद्यालय परिवार ने चंद्रशेखर के सुखद और मंगलमय भविष्य की कामना की।

Related Post