जमशेदपुर। आजसू पार्टी की पूर्वी सिंहभूम जिला समिति की बैठक रविवार को निर्मल गेस्ट हाउस में जिलाध्यक्ष कन्हैया सिंह की अध्यक्षता में हुई। बैठक में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने के साथ राज्य के विभिन्न जनमुद्दों को लेकर पार्टी की आगामी रणनीति पर चर्चा की गई। नेताओं ने कार्यकर्ताओं से जनता के बीच लगातार सक्रिय रहने और स्थानीय समस्याओं को उठाने का आह्वान किया।
बैठक में पूर्व मंत्री रामचंद्र सहिस ने छात्र और युवा आंदोलनों पर सरकार की कार्रवाई को लेकर कड़ा विरोध जताया। उन्होंने कहा कि जेपीएससी और जेएसएससी के अभ्यर्थी अपने अधिकार और रोजगार से जुड़े मुद्दों को लेकर लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन कर रहे हैं। ऐसे आंदोलनों को बल प्रयोग के जरिए दबाना लोकतांत्रिक व्यवस्था के अनुरूप नहीं है। उन्होंने अभ्यर्थियों के आंदोलन के दौरान कथित लाठीचार्ज और मारपीट की घटना की निंदा करते हुए कहा कि आजसू पार्टी इसके विरोध में जिला मुख्यालय पर राज्य सरकार का पुतला दहन करेगी। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम आयोजित करने के लिए जिला प्रशासन से अनुमति ली जाएगी।
सहिस ने कहा कि युवाओं और छात्रों से जुड़े मुद्दे राज्य के भविष्य से जुड़े हैं। सरकार को उनकी मांगों को सुनकर संवाद के जरिए समाधान निकालना चाहिए। उन्होंने कहा कि आजसू पार्टी जनहित के सवालों पर आगे भी लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन करती रहेगी।
जिलाध्यक्ष कन्हैया सिंह ने कहा कि पार्टी को गांव, पंचायत और बूथ स्तर तक मजबूत करने की दिशा में काम तेज किया जाएगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपने-अपने क्षेत्रों में लोगों से संपर्क बढ़ाने और उनकी समस्याओं को पार्टी के मंच तक पहुंचाने को कहा। उन्होंने कहा कि राज्य के ज्वलंत मुद्दों को लेकर आने वाले दिनों में आजसू पार्टी चरणबद्ध आंदोलन करेगी।
बैठक में पूर्वी विधानसभा क्षेत्र के संगठन को मजबूत करने के लिए अप्पू तिवारी को बीएलए-1 प्रभारी की जिम्मेदारी दी गई। पार्टी नेताओं ने कहा कि नई जिम्मेदारी के साथ विधानसभा क्षेत्र में संगठनात्मक गतिविधियों को और प्रभावी बनाने का प्रयास किया जाएगा। वहीं महिला संगठन के विस्तार पर भी विशेष चर्चा हुई। सभी प्रखंडों में महिला समितियों के गठन और संगठन को सक्रिय करने की प्रक्रिया जल्द पूरी करने का निर्णय लिया गया।
आजसू नेताओं ने कहा कि पार्टी का लक्ष्य संगठन को पंचायत से लेकर बूथ स्तर तक मजबूत करना है। इसके लिए कार्यकर्ताओं को क्षेत्रवार जिम्मेदारियां सौंपी जाएंगी और नियमित रूप से संगठनात्मक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। बैठक में जनसमस्याओं को लेकर आंदोलन को धार देने और संगठन के विस्तार को प्राथमिकता देने पर सहमति बनी।
बैठक में रामचंद्र सहिस, कन्हैया सिंह, संजय मालाकार, अप्पू तिवारी, कान्हु सामंत, राजेश चौधरी, शैलेन्द्र सिन्हा, चंद्रेश्वर पांडेय, दीपक पांडेय, जमाल खान, ललन झा, आकाश सिन्हा, मृत्युंजय सिंह, सुधीर सिंह, रामदेव हेंब्रम, ललित सिंह, परवीन प्रसाद, मंटू शुक्ला, मुन्ना भाई, सोनू सिंह, राजा कुमार और संजय कुमार समेत बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।

