अमृतसर के हजूरी रागी भाई करमजीत सिंह ‘शाहबाद मारकंडा’ गुरबाणी कीर्तन से संगत को करेंगे निहाल
जमशेदपुर: गुरु ग्रंथ साहिब जी के 422वें प्रथम प्रकाश पर्व की स्मृति में गुरुद्वारा प्रबंधक कमिटी, साकची की ओर से 13 सितंबर, रविवार को विशेष कीर्तन दरबार का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम में दरबार साहिब, अमृतसर के हजूरी रागी भाई करमजीत सिंह ‘शाहबाद मारकंडा’ विशेष रूप से जमशेदपुर पहुंचेंगे और गुरबाणी कीर्तन के माध्यम से संगत को निहाल करेंगे।
कार्यक्रम को लेकर रविवार को साकची गुरुद्वारा परिसर में पोस्टर जारी किया गया। गुरुद्वारा प्रबंधक कमिटी, साकची के तत्वावधान में आयोजित इस समागम में सिख स्त्री सत्संग सभा, सुखमणि साहिब कीर्तनी जत्था और सिख नौजवान सभा, साकची का सहयोग रहेगा।
साकची गुरुद्वारा के प्रधान निशान सिंह ने बताया कि समागम की तैयारियों को लेकर कमिटी की बैठक पहले ही की जा चुकी है। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 10 बजे श्री अखंड पाठ साहिब की समाप्ति के भोग के साथ होगी। इसके बाद गुरु घर के रागी एवं कथावाचक विभिन्न सत्रों में गुरबाणी, शबद-कीर्तन और गुरमति विचारों के माध्यम से संगत को गुरु साहिब की शिक्षाओं से जोड़ेंगे।
कमिटी के महासचिव परमजीत सिंह काले ने बताया कि दरबार साहिब, अमृतसर के हजूरी रागी भाई करमजीत सिंह ‘शाहबाद मारकंडा’ के अलावा धर्म प्रचार कमिटी, अमृतसर के प्रचारक भाई जगदेव सिंह ‘तारागढ़’ भी समागम में विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे। जमशेदपुर के युवा कीर्तनीये भाई गुरदीप सिंह ‘निक्कू’ तथा साकची गुरुद्वारा के हजूरी रागी भाई नारायण सिंह भी मधुर गुरबाणी कीर्तन प्रस्तुत करेंगे।
गुरुद्वारा साहिब के मुख्य ग्रंथी भाई अमृतपाल सिंह मन्नण और कथावाचक जत्थेदार ज्ञानी जरनैल सिंह संगत को सिख इतिहास एवं गुरमति विचारों से अवगत कराएंगे। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न रागी एवं कथावाचकों द्वारा शबद-कीर्तन और गुरमति विचार प्रस्तुत किए जाएंगे।
सरबत के भले की अरदास के बाद गुरु का अटूट लंगर बरताया जाएगा। लंगर की वरताने की सेवा इस बार सिख स्त्री सत्संग सभा और सुखमणि साहिब कीर्तनी जत्था की बीबियां, सिख नौजवान सभा के सहयोग से संभालेंगी।
प्रधान निशान सिंह ने जमशेदपुर एवं आसपास के क्षेत्रों की संगत से परिवार सहित साकची गुरुद्वारा पहुंचकर विशेष कीर्तन दरबार में शामिल होने की अपील की। उन्होंने कहा कि संगत गुरु घर में माथा टेककर गुरबाणी के अमृतमयी संदेश का लाभ उठाए और गुरु साहिब की खुशियां प्राप्त करे।
पोस्टर जारी करने के अवसर पर प्रधान निशान सिंह और महासचिव परमजीत सिंह काले के अलावा ट्रस्टी सतनाम सिंह सिद्धू, कोषाध्यक्ष बलबीर सिंह, अकाली दल के प्रधान ज्ञानी रविन्द्र सिंह, टुइलाडुगरी के पूर्व प्रधान जसबीर सिंह पदरी, सतपाल सिंह राजू, हरविंदर सिंह, मनोहर सिंह मिट्टे, बलदेव सिंह बब्बू, सतबीर सिंह गोल्डू तथा अमरपाल सिंह (सीनियर एवं जूनियर) सहित कमिटी के अन्य सदस्य मौजूद रहे।
गौरतलब है कि गुरु ग्रंथ साहिब जी का प्रथम प्रकाश वर्ष 1604 में श्री हरिमंदिर साहिब, अमृतसर में हुआ था। इसी ऐतिहासिक दिवस की स्मृति में दुनिया भर की सिख संगत श्रद्धा और उल्लास के साथ प्रथम प्रकाश पर्व मनाती है।

