चाईबासा: पश्चिम सिंहभूम जिले के गोइलकेरा में आगामी ओत् गुरु कोल लको बोदरा जयंती समारोह-2026 की तैयारियों को लेकर रविवार को कार्यक्रम स्थल लको बोदरा चौक, कायदा में बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता आदिवासी ‘हो’ समाज महासभा गोईलकेरा प्रखंड अध्यक्ष पातोर जोंको ने की। बैठक में जयंती समारोह को सफल बनाने और गुरु कोल लको बोदरा की प्रतिमा के छात निर्माण कार्य के शुभारंभ को लेकर चर्चा की गई।
बैठक में निर्णय लिया गया कि कार्यक्रम की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए 1 सितंबर को गोईलकेरा ग्राम पंचायत सभागार में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की जाएगी। इस बैठक में पूर्व में चक्रधरपुर डिविजन के DRM को सौंपे गए ज्ञापन के संबंध में पुनः स्मरण कराने तथा आगे की आवश्यक पहल को लेकर रणनीति बनाई जाएगी।
बैठक में जिला उपायुक्त को ज्ञापन सौंपकर जिले के प्रत्येक गांव में ‘हो’ भाषा की ब्हारङ्ग क्षिति लिपि में मौजा पहचान संबंधी साइन बोर्ड लगाने की मांग करने पर भी विचार किया गया। साइन बोर्ड में संबंधित मौजा का नाम, मौजा के मुंडा का नाम तथा पीड़ एवं इलाका मानकी का नाम अंकित कराने की बात कही गई। सदस्यों ने कहा कि इससे पारंपरिक सामाजिक व्यवस्था, स्थानीय पहचान और ‘हो’ भाषा-ब्हारङ्ग क्षिति लिपि के संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा।
बैठक में वक्ताओं ने कहा कि गुरु कोल लको बोदरा की जयंती भाषा, लिपि, संस्कृति और सामाजिक पहचान के संरक्षण के लिए सामूहिक संकल्प का अवसर है। समारोह को सफल बनाने के लिए समाज के सभी वर्गों से सहयोग और सक्रिय भागीदारी की अपील की गई।
बैठक में आदिवासी ‘हो’ समाज महासभा मनोहरपुर प्रखंड अध्यक्ष मनोज चाम्पिया, सचिव नीमा लुगुन, गोईलकेरा प्रखंड कोषाध्यक्ष रमेश सुरिन, मलकेन्द्र अंगरिया, लक्ष्मण पुरती, जमदार चाम्पिया, मरकस हसा, रामचन्द्र कायदा, सोमवारी बाहन्दा (मुखिया), महेंद्र जमुदा, प्रेमसिंह सुरिन, दांसर कुदादा, बामिया सुरिन, सुमेर हेम्ब्रोम, रमेश बोदरा, बलराम सुरिन, बुधलाल सुरिन, अनुकरण चेरोवा सहित अन्य सामाजिक कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी उपस्थित थे।

