Breaking
Sun. Aug 30th, 2026

भजन जैमिंग के ज़रिए युवाओं को संस्कृति और राष्ट्रप्रेम से जोड़ने की पहल

तुलसी भवन में एफटीएस के कार्यक्रम में आधुनिक संगीत के साथ गूंजे भक्ति के सुर

जमशेदपुर: फ्रेंड्स ऑफ ट्राइबल्स सोसाइटी (एफटीएस) वनबंधु परिषद, जमशेदपुर चैप्टर की ओर से एफटीएस महिला और एफटीएस युवा के सहयोग से रविवार को बिष्टुपुर स्थित तुलसी भवन में भजन जैमिंग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में भक्ति संगीत को आधुनिक संगीत शैली के साथ प्रस्तुत किया गया, जिसने युवाओं समेत मौजूद लोगों का ध्यान आकर्षित किया।

कार्यक्रम का उद्देश्य युवा पीढ़ी को भारतीय संस्कृति, आध्यात्मिक मूल्यों और राष्ट्रप्रेम से जोड़ना रहा। आयोजन की शुरुआत ओम जाप के साथ हुई। इसके बाद एफटीएस की तीनों इकाइयों के अध्यक्षों, विशिष्ट अतिथियों, कोर कमेटी सदस्यों और वरिष्ठ पदाधिकारियों ने एकल गीत की धुन के बीच दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का औपचारिक शुभारंभ किया। विशिष्ट अतिथियों का पौधा भेंट कर स्वागत किया गया।

उद्घाटन सत्र का संचालन अभिषेक गर्ग ने किया। एफटीएस जमशेदपुर चैप्टर के अध्यक्ष राजेश मित्तल ने स्वागत भाषण दिया। एफटीएस महिला की अध्यक्ष किरण देबुका ने एफटीएस रांची चैप्टर के अध्यक्ष आंचल किंकर का परिचय कराया।

आंचल किंकर ने कहा कि आधुनिक जीवनशैली के साथ आगे बढ़ रही युवा पीढ़ी को अपनी आध्यात्मिक और सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ना जरूरी है। उन्होंने युवाओं में राष्ट्रप्रेम की भावना को मजबूत करने की आवश्यकता पर भी जोर दिया।

इसके बाद एफटीएस जमशेदपुर चैप्टर के सचिव सीए संजय गोयल ने वानरसेना का परिचय कराया और मुख्य भजन जैमिंग सत्र की शुरुआत की। इस दौरान पारंपरिक भजनों को बॉलीवुड और रेट्रो संगीत की जोशीली धुनों के साथ प्रस्तुत किया गया। भजनों की इस अनूठी प्रस्तुति ने कार्यक्रम में मौजूद लोगों को झूमने पर मजबूर कर दिया और पूरे सभागार में उत्साह का माहौल बना रहा।

कार्यक्रम के दौरान बेस्ट कपल डांस समेत विभिन्न प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया गया। प्रतिभागियों ने उत्साह के साथ प्रतियोगिताओं में हिस्सा लिया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। पुरस्कार वितरण में कांवटिया और प्रीति गोयल का विशेष योगदान रहा।

एफटीएस युवा के अध्यक्ष सीए सौरभ सोंथालिया ने धन्यवाद ज्ञापन किया। शांति मंत्र के साथ उद्घाटन सत्र का समापन हुआ।

कार्यक्रम को सफल बनाने में अभिषेक गर्ग, चंदन कौंटिया, सुनील बागरोडिया, जितेंद्र अग्रवाल, सीए मनीष मूनका और कमल गुप्ता सहित अन्य सदस्यों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

Related Post