जमशेदपुर। राष्ट्रीय खेल दिवस 2026 के मौके पर सीआरपीएफ ग्रुप सेंटर/रेंज जमशेदपुर में खेल और फिटनेस का उत्साह देखने को मिला। क्षेत्रीय कावा की ओर से बच्चों और सीआरपीएफ परिवारजनों के लिए विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। कार्यक्रम उप महानिरीक्षक डॉ. जयदेव केसरी के मार्गदर्शन में आयोजित हुआ, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में क्षेत्रीय कावा प्रमुख श्रीमती सीमा केसरी मौजूद रहीं।
राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर 28 अगस्त से ही ग्रुप सेंटर/रेंज में अलग-अलग खेल गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। रविवार को आयोजित प्रतियोगिताओं में बच्चों ने पूरे उत्साह और जोश के साथ हिस्सा लिया। आयोजन का मुख्य उद्देश्य बच्चों में खेलों के प्रति रुचि बढ़ाने के साथ उन्हें नियमित व्यायाम और शारीरिक गतिविधियों के लिए प्रेरित करना रहा।
प्रतियोगिताओं में बच्चों ने रस्साकशी, साइकिलिंग, लेमन एंड स्पून रेस, दौड़ और बॉल थ्रो जैसी गतिविधियों में अपनी क्षमता का प्रदर्शन किया। विभिन्न आयु वर्ग के बच्चों के लिए आयोजित मुकाबलों में प्रतिभागियों के बीच स्वस्थ प्रतिस्पर्धा देखने को मिली। परिवार के सदस्यों ने भी बच्चों का उत्साह बढ़ाया और उनका हौसला बढ़ाते नजर आए।
कार्यक्रम के दौरान हॉकी के महान खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद को भी श्रद्धापूर्वक याद किया गया। उनकी जयंती के अवसर पर मनाए जाने वाले राष्ट्रीय खेल दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए उनके खेल कौशल, अनुशासन, समर्पण और देश के लिए दिए गए योगदान को याद किया गया।
डॉ. जयदेव केसरी ने बच्चों को पढ़ाई के साथ खेलों में भी सक्रिय रूप से भाग लेने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि खेल केवल शरीर को स्वस्थ रखने का माध्यम नहीं हैं, बल्कि इससे बच्चों में आत्मविश्वास, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना का भी विकास होता है। उन्होंने नियमित खेल गतिविधियों को स्वस्थ और संतुलित जीवनशैली का महत्वपूर्ण हिस्सा बताया।
प्रतियोगिताओं के समापन पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों को श्रीमती सीमा केसरी ने पुरस्कार और प्रशंसा पत्र देकर सम्मानित किया। उन्होंने विजेता प्रतिभागियों को बधाई देते हुए कहा कि खेल में सफलता से अधिक महत्वपूर्ण निरंतर प्रयास, अनुशासन और खेल भावना है। उन्होंने सभी बच्चों को भविष्य में भी खेल गतिविधियों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने के लिए प्रोत्साहित किया।
कार्यक्रम में ग्रुप सेंटर/रेंज जमशेदपुर के अधिकारी, अधीनस्थ अधिकारी, जवान और उनके परिवारजन उपस्थित रहे। राष्ट्रीय खेल दिवस पर आयोजित कार्यक्रम ने सीआरपीएफ परिवारों के बीच फिटनेस, स्वास्थ्य, अनुशासन और सक्रिय जीवनशैली का संदेश दिया।

