Breaking
Sat. Aug 29th, 2026

*मांगीलाल रूंगटा के 145वें जन्मोत्सव पर वार्षिकोत्सव-सह-संस्थापक दिवस समारोह आयोजित* *खेलकूद, एनसीसी मार्च पास्ट, प्रतिभा सम्मान और पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश*

चाईबासा: स्वर्गीय मांगीलाल रूंगटा के 145वें जन्मोत्सव के अवसर पर मांगीलाल रूंगटा प्लस टू उच्च विद्यालय, चाईबासा में वार्षिकोत्सव-सह-संस्थापक दिवस समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि पश्चिमी सिंहभूम के उपायुक्त मनीष कुमार, विशिष्ट अतिथि जिला शिक्षा पदाधिकारी प्रिंस कुमार तथा रूंगटा परिवार के वरिष्ठ सदस्य मुकुंद रूंगटा उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों ने विद्यालय परिसर स्थित स्वर्गीय मांगीलाल रूंगटा की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर किया। इसके बाद खेलकूद महोत्सव की मशाल जलाकर विभिन्न प्रतियोगिताओं का शुभारंभ किया गया। राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर महान हॉकी खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी गई। विद्यालय की छात्राओं ने स्वागत गीत प्रस्तुत किया। इसके बाद विद्यालय परिवार की ओर से मनीष कुमार, प्रिंस कुमार और मुकुंद रूंगटा को सम्मानित किया गया।

वार्षिकोत्सव के दौरान विद्यार्थियों के साथ अतिथियों और शिक्षकों ने भी विभिन्न खेल एवं मनोरंजक प्रतियोगिताओं में हिस्सा लिया। रस्साकशी, तीरंदाजी, बाल पासिंग, हॉट पोटेटो, गुब्बारा फोड़न तथा विभिन्न दौड़ प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। विद्यार्थियों ने उत्साह और खेल भावना के साथ प्रतियोगिताओं में भाग लिया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विजेता खिलाड़ियों को अतिथियों ने पुरस्कार देकर सम्मानित किया।

कार्यक्रम में विद्यालय के एनसीसी कैडेटों ने अनुशासित मार्च पास्ट प्रस्तुत किया, जो आकर्षण का केंद्र रहा। शैक्षणिक एवं अन्य गतिविधियों में बेहतर प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को भी सम्मानित किया गया।

समारोह को संबोधित करते हुए उपायुक्त मनीष कुमार ने कहा कि मांगीलाल रूंगटा प्लस टू उच्च विद्यालय की प्रगति सराहनीय है। विद्यालय के संस्थापक स्वर्गीय मांगीलाल रूंगटा की दूरदर्शी सोच और शिक्षा के प्रति समर्पण का परिणाम है कि यह संस्थान आज विद्यार्थियों के भविष्य निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।

उन्होंने कहा कि शिक्षा व्यक्ति के व्यक्तित्व निर्माण के साथ समाज और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारियों को समझने की क्षमता प्रदान करती है। विद्यालय के पूर्ववर्ती छात्र-छात्राओं ने विभिन्न क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से मेहनत, लगन और अनुशासन के साथ अपने लक्ष्य की ओर बढ़ने की अपील की।

मनीष कुमार ने कहा कि विद्यालय केवल एक इमारत नहीं, बल्कि बच्चों के सर्वांगीण विकास का केंद्र है। पढ़ाई के साथ खेलकूद, सांस्कृतिक गतिविधियों, एनसीसी और अन्य रचनात्मक गतिविधियों में भाग लेने से विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना विकसित होती है।

*प्रत्येक व्यक्ति एक वृक्ष लगाए और उसकी देखभाल करे : मनीष कुमार*

उपायुक्त मनीष कुमार ने पर्यावरण संरक्षण को जनभागीदारी का अभियान बनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति अपने आसपास कम से कम एक वृक्ष लगाए और उसकी सुरक्षा व देखभाल की जिम्मेदारी भी निभाए। केवल पौधारोपण करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि पौधों को संरक्षित कर वृक्ष के रूप में विकसित करना भी सामूहिक जिम्मेदारी है।

उन्होंने विद्यार्थियों से पर्यावरण संरक्षण का दूत बनने की अपील करते हुए कहा कि छोटे-छोटे प्रयासों से जिले के हरित क्षेत्र को बढ़ाया जा सकता है। विकास के साथ पर्यावरण संरक्षण को प्राथमिकता देना आवश्यक है।

समारोह के दौरान विद्यालय की पत्रिका ‘यूथिका-2026’ का अतिथियों ने लोकार्पण किया। राष्ट्रीय खेल दिवस-2026 के अवसर पर ‘खेलेगा भारत-जीतेगा भारत’ की शपथ भी दिलाई गई। कार्यक्रम का समापन सामूहिक राष्ट्रगान के साथ हुआ।

Related Post