Breaking
Fri. Aug 28th, 2026

जिला स्थापना समिति की बैठक में 13 अनुसेवियों का पदस्थापन, 16 के स्थानांतरण पर फैसला

चाईबासा। पश्चिमी सिंहभूम जिला समाहरणालय में शुक्रवार को उपायुक्त मनीष कुमार की अध्यक्षता में जिला स्थापना समिति की बैठक हुई। उपायुक्त के प्रकोष्ठ में आयोजित बैठक में परियोजना निदेशक आईटीडीए जयदीप तिग्गा, स्थापना उपसमाहर्ता कुमार हर्ष समेत स्थापना शाखा के कर्मी मौजूद रहे। बैठक में स्थापना से जुड़े विभिन्न मामलों की समीक्षा करते हुए प्रशासनिक जरूरत के अनुरूप कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।

समिति ने अनुकंपा के आधार पर नियुक्त 13 अनुसेवियों को जिले के अलग-अलग कार्यालयों में पदस्थापित करने का निर्णय लिया। इसके अलावा प्रशासनिक कार्यहित और कार्यालयों में कामकाज को बेहतर ढंग से संचालित करने के उद्देश्य से 16 अनुसेवियों के स्थानांतरण एवं पदस्थापन पर भी सहमति बनी।

बैठक में सरकारी सेवा के दौरान मृत कर्मचारियों के आश्रितों को अनुकंपा के आधार पर नियुक्ति देने के लिए प्राप्त पांच नए आवेदनों की भी जांच की गई। समिति ने निर्धारित नियमों, प्रावधानों और उपलब्ध दस्तावेजों के आधार पर सभी पांच आवेदनों को नियुक्ति के लिए मंजूरी प्रदान की। इनमें दो आवेदकों को अनुसेवक तथा तीन आवेदकों को लिपिक पद पर नियुक्ति की अनुशंसा की गई।

समिति के इस निर्णय से सेवाकाल के दौरान दिवंगत सरकारी कर्मचारियों के आश्रितों को नियमानुसार रोजगार उपलब्ध कराने का रास्ता साफ हुआ है। बैठक में उपायुक्त मनीष कुमार ने स्थापना से संबंधित मामलों के निपटारे में निर्धारित नियमों और प्रक्रियाओं का पूरी तरह पालन करने का निर्देश दिया। उन्होंने पात्र आश्रितों के मामलों का नियमानुसार शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

उपायुक्त ने कहा कि प्रशासनिक निर्णय लेते समय पारदर्शिता, निष्पक्षता और संवेदनशीलता का विशेष ध्यान रखा जाना चाहिए, ताकि पात्र लोगों को समय पर सरकारी प्रावधानों का लाभ मिल सके। बैठक में समिति के समक्ष रखे गए अन्य स्थापना संबंधी मामलों पर भी चर्चा की गई और प्रशासनिक कार्यहित में आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए।

Related Post