चाईबासा: रोटरैक्ट क्लब ऑफ चाईबासा की ओर से गुरुवार को तूरतुंग आर्चरी फील्ड में पैरा एशियन गोल्ड मेडलिस्ट विजय सुंडी को सम्मानित किया गया। क्लब के सदस्यों ने उनसे मुलाकात कर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उनकी उपलब्धि के लिए बधाई दी। साथ ही उनके कोच महर्षि मंडल सिंकू और अन्य खिलाड़ियों का भी उत्साहवर्धन किया गया।
कार्यक्रम में क्लब के अध्यक्ष रोट्रैक्टर विकास गुप्ता ने कहा कि विजय सुंडी की सफलता क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है। उनकी मेहनत, लगन और दृढ़ संकल्प से दूसरे खिलाड़ियों को भी अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी। उन्होंने कहा कि स्थानीय खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करना और युवाओं को आगे बढ़ने का अवसर देना क्लब का उद्देश्य है।
सम्मानित होने पर विजय सुंडी ने रोटरैक्ट क्लब ऑफ चाईबासा के सभी सदस्यों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि इस तरह का प्रोत्साहन खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाता है और भविष्य में बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित करता है।
इस अवसर पर क्लब के सदस्यों ने खिलाड़ियों से मुलाकात कर उनका हौसला बढ़ाया। क्लब ने कहा कि भविष्य में भी खेल प्रतिभाओं को सम्मानित करने और युवाओं को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करने का प्रयास जारी रहेगा।
कार्यक्रम में रोटरैक्ट क्लब ऑफ चाईबासा के अध्यक्ष विकास गुप्ता, सचिव सौरव गुप्ता, रवि अग्रवाल, सौरभ नेवटिया और अक्षय कुमार गुप्ता उपस्थित रहे।
वहीं, कोच महर्षि मंडल सिंकू के साथ खिलाड़ी शैलस्ती बिरुआ, सोमती सिंकू, सोसामा बारी, आशा रानी बिरुली, राजा राम सुरिन, मोहित पूर्ति, हिमामोनी सिंकू और घनश्याम जामुदा मौजूद थे। क्लब के सदस्यों ने सभी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया।

