चाईबासा: बिरसा मुंडा इंडोर स्टेडियम, चाईबासा में मधुसूदन विद्यालय आसनतलिया, चक्रधरपुर और डॉ. सीए मेमोरियल ट्रस्ट के प्रायोजन में आयोजित सातवीं अविरल मेमोरियल अंतर विद्यालय जिला बैडमिंटन चैंपियनशिप 2026 का फाइनल मुकाबला खेला गया। समापन समारोह में मुख्य अतिथि उपायुक्त मनीष कुमार और विशिष्ट अतिथि पुलिस अधीक्षक अमित रेणु, जिला खेल पदाधिकारी मरकस हेम्ब्रोम तथा मधुसूदन विद्यालय के निदेशक बलराज कुमार हिन्दवार उपस्थित रहे।
उपायुक्त मनीष कुमार ने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि प्रतियोगिता खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने और खुद को बेहतर बनाने का अवसर देती है। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों को खेलों के प्रति प्रेरित करने की अपील की। उन्होंने कहा कि बैडमिंटन से एकाग्रता बढ़ती है और पढ़ाई में भी लाभ मिलता है। खेल के बाद स्ट्रेचिंग करने और कोर्ट की गरिमा बनाए रखने की सलाह भी दी।
पुलिस अधीक्षक अमित रेणु ने विजेता और उपविजेता खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि खेल बच्चों के शारीरिक और मानसिक विकास में सहायक हैं। इससे बच्चे मोबाइल और लैपटॉप से दूर रहकर स्वस्थ गतिविधियों में भाग लेते हैं।
जिला बैडमिंटन एसोसिएशन के सचिव अशोक जोशी ने कहा कि प्रतियोगिता का उद्देश्य बच्चों को खेल के प्रति प्रोत्साहित करना और अच्छे खिलाड़ी तैयार करना है। उन्होंने बताया कि जिले के बैडमिंटन खिलाड़ी सचिन राणा पेरू में मुख्य कोच के रूप में कार्यरत हैं। जिले के नौ खिलाड़ी रेलवे और एक खिलाड़ी आयकर विभाग में कार्यरत हैं। गिरिडीह में आयोजित राज्य बैडमिंटन चैंपियनशिप 2026 में जिले के पांच खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। अंडर-11 वर्ग के खिलाड़ियों के लिए विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम चलाने की भी बात कही।
*प्रतियोगिता के प्रमुख परिणाम*
अंडर-11 बालक एकल में अभिजीत पिंगुवा विजेता और भावेश नायक उपविजेता रहे। अंडर-13 में अमरदीप पूर्ति विजेता और शुभम हेंब्रम उपविजेता बने। अंडर-15 और अंडर-17 बालक एकल में अमन देवगम विजेता रहे। अंडर-11 बालक युगल में अभिजीत पिंगुवा और मयंक कुमार नंदा, अंडर-13 में अमरदीप पूर्ति और अभिजीत पिंगुवा, अंडर-15 में वेदांश सतपति और उत्कर्ष हांसदा तथा अंडर-17 में कबीर हेंब्रम और उत्कर्ष हांसदा की जोड़ी विजेता बनी।
बालिका वर्ग में अंडर-11 एकल में अनन्या सिंकु, अंडर-13 एकल में अनुष्ठा बिरुआ, अंडर-15 एकल में मंजीता बिरुआ और अंडर-17 एकल में सुभानी बारी विजेता रहीं। अंडर-11 युगल में अनन्या सिंकु और प्रसिद्धी त्रिपाठी, अंडर-13 में अनुष्ठा बिरुआ और अनन्या सिंकु, अंडर-15 में हीरा किरण सुंडी और खुशबू कुमारी तथा अंडर-17 में शीशम देवगम और सुभानी बारी की जोड़ी विजेता बनी।
समारोह में शिवरतन जोशी, अनिल दोदराजका, विनय कुमार, मैच रेफरी जगदीश जामुदा तथा अंपायर राजेश बारी, विकास मूर्मू, संजय हेम्ब्रम, बलराम मुन्दुइया, चन्द्रमोहन कालुण्डिया, साहिल हेम्ब्रम और मनीष देवगम सहित अभिभावक, खेल प्रशिक्षक और खेल प्रेमी मौजूद थे। मंच संचालन जगदीश जामुदा ने किया।
