Breaking
Tue. Aug 25th, 2026

*चंदा चोरी और खान-खनिज संशोधन विधेयक के खिलाफ कांग्रेस आंदोलन तेज करेगी*

चाईबासा: झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमिटी के निर्देशानुसार चंदा चोरी और खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) संशोधन विधेयक, 2026 के विरोध में मंगलवार को कांग्रेस भवन चाईबासा में प्रेस-वार्ता आयोजित की गई। प्रेस-वार्ता का संयोजन कांग्रेस जिला प्रवक्ता त्रिशानु राय ने किया। इसमें कांग्रेस प्रदेश महासचिव रविन्द्र झा और विजय यादव ने पार्टी का पक्ष रखा।

प्रदेश महासचिव रविन्द्र झा ने राम मंदिर के नाम पर एकत्रित चंदे और उसके उपयोग में पारदर्शिता की मांग की। उन्होंने कहा कि धार्मिक आस्था से जुड़े किसी भी अभियान में श्रद्धालुओं से प्राप्त सहयोग का स्पष्ट और सार्वजनिक हिसाब-किताब होना चाहिए। उन्होंने कहा कि देशभर के लोगों ने श्रद्धा और विश्वास के साथ राम मंदिर के नाम पर आर्थिक सहयोग किया है। ऐसे में चंदे के रूप में प्राप्त राशि, उसके संग्रह की प्रक्रिया और राशि के उपयोग की पूरी जानकारी सार्वजनिक की जानी चाहिए।

रविन्द्र झा ने कहा कि यदि चंदा संग्रह या उसके उपयोग में किसी तरह की अनियमितता अथवा वित्तीय गड़बड़ी सामने आती है तो उसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस भगवान राम और देशवासियों की धार्मिक आस्था का सम्मान करती है, लेकिन आस्था के नाम पर प्राप्त धन के मामले में पारदर्शिता और जवाबदेही भी जरूरी है।

वहीं प्रदेश महासचिव विजय यादव ने केंद्र सरकार द्वारा लाए गए खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) संशोधन विधेयक, 2026 का विरोध किया। उन्होंने कहा कि यह विधेयक झारखंड जैसे खनिज संपदा से समृद्ध राज्य के हितों और अधिकारों को प्रभावित करने वाला है। झारखंड की खनिज संपदा का राज्य के विकास, स्थानीय लोगों के अधिकारों, पर्यावरण और रोजगार से सीधा संबंध है। इसलिए खनिज संसाधनों से जुड़े निर्णयों में राज्य के हितों और स्थानीय जनभावनाओं की अनदेखी स्वीकार नहीं की जाएगी।

विजय यादव ने कहा कि कांग्रेस प्राकृतिक संसाधनों, संवैधानिक अधिकारों और जनता के हितों की रक्षा के लिए लगातार संघर्ष करती रही है और आगे भी लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक तरीके से अपनी आवाज बुलंद करेगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इन मुद्दों को लेकर जनता के बीच जाएगी और केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ लोकतांत्रिक संघर्ष को और तेज करेगी।

उन्होंने बताया कि आंदोलन के अगले चरण में 27 अगस्त 2026 को राज्य के सभी जिला मुख्यालयों पर धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। इसके बाद उपायुक्त के माध्यम से राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा जाएगा। 7 सितंबर 2026 को लोक भवन, रांची के समक्ष प्रदेश स्तरीय महाधरना-प्रदर्शन आयोजित किया जाएगा। वहीं 9 से 16 सितंबर 2026 के बीच राज्य के सभी प्रखंड मुख्यालयों पर धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।

प्रेस-वार्ता में कांग्रेस जिला प्रवक्ता त्रिशानु राय, पूर्वी सिंहभूम जिला कांग्रेस महासचिव सुनील प्रसाद, सचिव ए.आर. कैलाश और कार्यालय सचिव सुशील दास उपस्थित थे।

Related Post