Breaking
Tue. Aug 25th, 2026

छायानगर में युवक की गला घोंट कर हत्या से सनसनी

जमशेदपुर। सीतारामडेरा थाना क्षेत्र के छायानगर स्थित साहू होटल के पास मंगलवार सुबह एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान होमपाइप इंदिरानगर निवासी चंदन गिरी के रूप में हुई है। शव मिलने की सूचना पर सीतारामडेरा पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

स्थानीय लोगों ने सुबह सड़क किनारे शव पड़ा देखा था। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। थाना प्रभारी आनंद मिश्रा के नेतृत्व में पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थाना प्रभारी आनंद मिश्रा ने बताया कि चंदन गिरी का आपराधिक इतिहास रहा है और वह कुछ समय पहले ही जेल से बाहर आया था। प्रारंभिक जांच में ऐसा प्रतीत हो रहा है कि किसी तार या अन्य वस्तु से गला घोंटकर उसकी हत्या की गई है। हत्या के बाद शव को किसी दूसरे स्थान से लाकर सीतारामडेरा क्षेत्र में फेंके जाने की आशंका है। उन्होंने बताया कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और हत्या के कारणों के साथ वारदात में शामिल लोगों का पता लगाया जा रहा है।

पुलिस के अनुसार, चंदन की हत्या कहीं और किए जाने की आशंका को देखते हुए उसके हालिया संपर्कों और गतिविधियों की जानकारी जुटाई जा रही है। आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि शव को किस तरह और किस वाहन से वहां लाया गया।

इधर, चंदन की पत्नी इशिका कौर ने बताया कि सोमवार शाम वह और चंदन अपने भाई से जुड़े एक मामले के सिलसिले में सीतारामडेरा थाना गए थे। इसके बाद दोनों शीतला मंदिर पहुंचे। रात करीब साढ़े नौ बजे चंदन ने उसे उसके मायके में छोड़ा और घर जाने की बात कहकर वहां से निकल गया। इसके बाद चंदन कहां गया और उसके साथ क्या हुआ, इसकी जानकारी परिवार को नहीं थी।

मंगलवार सुबह स्थानीय लोगों ने चंदन का शव मिलने की जानकारी उसके घरवालों को दी। इसके बाद परिजन मौके पर पहुंचे। परिजनों के मुताबिक, चंदन दिसंबर में जेल से रिहा होकर आया था और फिलहाल काम कर रहा था। उसकी शादी इसी वर्ष मार्च में हुई थी। घटना के बाद परिवार में मातम का माहौल है।

पुलिस अब चंदन की सोमवार रात की गतिविधियों, उसके संपर्क में रहे लोगों और पुराने विवादों की भी जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद हत्या की परिस्थितियों को लेकर स्थिति और स्पष्ट होने की उम्मीद है।

Related Post