Breaking
Tue. Aug 25th, 2026

अंतिम सोमवारी पर मंदिर में पांच लाख की चेन चोरी

जमशेदपुर। सोनारी थाना क्षेत्र स्थित प्रसिद्ध भूतनाथ मंदिर में सावन की अंतिम सोमवारी पर पूजा करने पहुंची एक महिला के गले से करीब पांच लाख रुपये कीमत की सोने की चेन चोरी हो गयी। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के बीच हुई इस घटना के बाद मंदिर परिसर में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पीड़िता ने भीड़ का फायदा उठाकर सुनियोजित तरीके से चेन चोरी किए जाने की आशंका जतायी है।

जानकारी के अनुसार सोनारी निवासी रीना चौधरी सोमवार दोपहर करीब पौने 12 बजे अपनी सहेली के साथ मंदिर पहुंची थीं। दोनों ने पहले खाटू श्याम मंदिर में पूजा की। इसके बाद रीना भगवान शिव को जल चढ़ाने के लिए भूतनाथ मंदिर गयीं। सावन की अंतिम सोमवारी होने के कारण मंदिर में श्रद्धालुओं की काफी भीड़ थी।

रीना के अनुसार मंदिर में प्रवेश करने के दौरान तीन महिलाएं और तीन पुरुष उनके पीछे आकर खड़े हो गये। आरोप है कि भीड़ के बीच एक महिला ने उन्हें उनकी सहेली से अलग कर दिया। इसके बाद कुछ अन्य लोग भी उनके आसपास आ गये। भीड़ अधिक होने के कारण उन्हें उस समय किसी तरह का संदेह नहीं हुआ और वह पूजा करने में व्यस्त हो गयीं।

पूजा समाप्त होने के बाद जब वह मंदिर से बाहर निकल रही थीं, तभी उनकी सहेली ने बताया कि उनके गले में सोने की चेन दिखाई नहीं दे रही है। रीना ने तुरंत अपने गले को टटोलकर देखा तो चेन गायब थी। उनका कहना है कि मंदिर में प्रवेश करने के समय तक चेन उनके गले में थी। इसके बाद उन्हें आशंका हुई कि भीड़ में घेरकर किसी गिरोह ने मौका देखकर चेन उड़ा ली।

घटना की जानकारी मिलने के बाद सोनारी पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। फुटेज में कुछ संदिग्ध लोगों की गतिविधियां सामने आने की बात कही जा रही है। पुलिस मंदिर में प्रवेश और बाहर निकलने वाले लोगों की गतिविधियों की जांच करने के साथ पीड़िता के पीछे पहुंचे तीन महिलाओं और तीन पुरुषों की पहचान करने में जुटी है। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि वारदात किसी संगठित गिरोह ने की या स्थानीय स्तर पर शामिल लोगों ने घटना को अंजाम दिया।

Related Post