Breaking
Sun. Aug 23rd, 2026

रॉयल कॉलोनी में 47 वर्षीय व्यक्ति की संदिग्ध मौत, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका

जमशेदपुर। बागबेड़ा थाना क्षेत्र की रॉयल कॉलोनी में रविवार को जुगसलाई निवासी 47 वर्षीय पिंटू सिंह की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से सनसनी फैल गई। पिंटू सिंह अपनी ससुराल रॉयल कॉलोनी पहुंचे थे। कुछ देर बाद उनकी पत्नी ने उनके भतीजे राजवीर को फोन कर बताया कि पिंटू के साथ कुछ अनहोनी हो गई है और उन्होंने आत्महत्या कर ली है।

सूचना मिलने पर पिंटू के परिजन आनन-फानन में रॉयल कॉलोनी पहुंचे। वहां की परिस्थितियों को देखने के बाद उन्होंने मौत के कारणों पर सवाल उठाते हुए हत्या की आशंका जताई। परिजनों का कहना है कि पिंटू और उनकी पत्नी तथा ससुराल पक्ष के बीच पहले से विवाद चल रहा था। इसी कारण उन्हें घटना को लेकर संदेह है।

परिजनों के अनुसार पिंटू के गले में कपड़े टांगने वाली रस्सी मिली थी, लेकिन वह फंदे से लटके हुए नहीं थे और उनका शव जमीन पर पड़ा था। परिजनों ने गले पर गला दबाने जैसे निशान होने का भी दावा किया है। इसके अलावा घर की सीढ़ियों पर खून के निशान मिलने की बात भी परिजनों ने कही है। इन परिस्थितियों के आधार पर उनका आरोप है कि पिंटू की मौत आत्महत्या नहीं, बल्कि हत्या हो सकती है।

परिजनों ने यह भी बताया कि घटना से कुछ समय पहले पिंटू को जुगसलाई में देखा गया था, जबकि ससुराल पक्ष की ओर से बताया गया कि उनकी स्कूटी करीब ढाई घंटे से रॉयल कॉलोनी में खड़ी थी। इसको लेकर भी परिजन सवाल उठा रहे हैं।

घटना की सूचना मिलने के बाद बागबेड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल की परिस्थितियों और परिजनों के आरोपों को ध्यान में रखते हुए जांच शुरू कर दी है। बागबेड़ा थाना प्रभारी उमेश कुमार ठाकुर ने बताया कि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। मौत आत्महत्या है या हत्या, इसका स्पष्ट खुलासा जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगा।

Related Post