Breaking
Fri. Oct 23rd, 2026

*फ्रेंडस क्लब ने मेघाहातुबुरू को 175 रनों से हराया*

चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिला क्रिकेट संघ के तत्वावधान में बिरसा मुंडा क्रिकेट स्टेडियम में खेले जा रहे एसआर रूंगटा बी-डिविजन लीग 2026-27 में फ्रेंडस क्लब चाईबासा ने मेघाहातुबुरू क्रिकेट क्लब को 175 रनों से हराकर पूरे चार अंक हासिल किए। दुर्गा पूजा के अवकाश के बाद पांच दिनों के अंतराल पर लीग के मुकाबले फिर शुरू हुए।

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए फ्रेंडस क्लब ने 30 ओवर में सात विकेट पर 327 रन बनाए। आकाश कुमार सिंह ने 36 गेंदों पर आठ चौके और सात छक्कों की मदद से नाबाद 88 रन बनाए। रौशन चौहान ने 12 चौके और तीन छक्कों की सहायता से 86 रन बनाए। ओम वर्मा ने सात चौके और चार छक्कों के साथ 61 रन, वत्सल सिंह ने 26 और विशाल पोद्दार ने 19 रन बनाए। मेघाहातुबुरू की ओर से अमर ने तीन और सिकंदर प्रधान ने दो विकेट लिए।

328 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी मेघाहातुबुरू की टीम 24.3 ओवर में 152 रनों पर सिमट गई। आशुतोष कुमार ने सात चौके और तीन छक्कों की मदद से 59 रन बनाए, जबकि प्रवीण कुमार ने 25 रनों का योगदान दिया। फ्रेंडस क्लब की ओर से वत्सल सिंह ने 31 रन देकर पांच विकेट लिए। अनुज सिंह ने तीन और कार्तिकेय पाठक ने दो विकेट हासिल किए।

24 अक्टूबर को लक्ष्मण गिलुआ क्रिकेट क्लब, चक्रधरपुर का मुकाबला फेनेटिक क्लब, चाईबासा से होगा। 25 अक्टूबर को चक्रधरपुर क्रिकेट अकादमी और शाह स्पोर्ट्स क्रिकेट अकादमी के बीच मैच खेला जाएगा।

जिला क्रिकेट संघ के महासचिव असीम कुमार सिंह ने बताया कि 26 अक्टूबर से 10 नवंबर तक झारखंड की अंडर-16 टीम का राज्य स्तरीय कैंप बिरसा मुंडा क्रिकेट स्टेडियम में होगा। झारखंड राज्य क्रिकेट संघ के सचिव सौरभ तिवारी के अनुरोध पर स्टेडियम 16 दिनों के लिए जेएससीए को आवंटित किया गया है। इस दौरान जिला क्रिकेट संघ की गतिविधियां मैदान पर नहीं होंगी।

झारखंड की 20 सदस्यीय टीम के साथ हेड कोच, बल्लेबाजी कोच, गेंदबाजी कोच, फील्डिंग कोच, फिजियो और ट्रेनर 25 अक्टूबर को चाईबासा पहुंचेंगे। कैंप और अभ्यास मैच के बाद चुनी गई 16 सदस्यीय टीम 10 नवंबर को विजय मर्चेंट ट्रॉफी में भाग लेने के लिए विजयवाड़ा रवाना होगी। वहां झारखंड का पहला तीन दिवसीय मुकाबला 14 से 16 नवंबर तक मध्य प्रदेश के साथ निर्धारित है।

Related Post