चाईबासा: पश्चिम सिंहभूम जिले के मनोहरपुर से बड़ाजामदा और किरीबुरू को जोड़ने वाले महत्वपूर्ण मुख्य मार्ग पर छोटानागरा पंचायत के तितलीघाट गांव के समीप पुल का बड़ा हिस्सा टूट गया है। पुल के बीच बने बड़े होल के कारण इस मार्ग से गुजरने वाले वाहन चालकों के लिए दुर्घटना का खतरा बढ़ गया है। ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल सुरक्षा व्यवस्था और पुल की मरम्मत कराने की मांग की है।
तितलीघाट के समीप क्षतिग्रस्त पुल से प्रतिदिन बड़ी संख्या में भारी मालवाहक वाहन, यात्री वाहन और ग्रामीणों के छोटे-बड़े वाहन गुजरते हैं। लगातार भारी वाहनों की आवाजाही के कारण पुल का क्षतिग्रस्त हिस्सा और बड़ा होने की आशंका बनी हुई है। यदि समय रहते इसकी मरम्मत नहीं की गई तो पुल की स्थिति और खराब हो सकती है तथा आवागमन बाधित होने की संभावना है।
यह मार्ग सारंडा क्षेत्र को झारखंड के अन्य हिस्सों के साथ-साथ ओड़िशा के बड़बिल और राउरकेला जैसे प्रमुख औद्योगिक शहरों से जोड़ता है। इस कारण इस सड़क पर दिनभर वाहनों की आवाजाही बनी रहती है। पुल के बीच बने बड़े होल से वाहन चालकों को विशेषकर रात के समय काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, कुछ वर्ष पहले भी इसी स्थान पर पुल क्षतिग्रस्त हुआ था। इसके बाद पुल की मरम्मत कराई गई थी। अब दोबारा उसी स्थान पर पुल टूटने से मरम्मत कार्य की गुणवत्ता पर सवाल उठ रहे हैं। ग्रामीणों ने मांग की है कि पुल की केवल ऊपरी सतह की मरम्मत करने के बजाय पूरी संरचना की तकनीकी जांच कराई जाए, ताकि भविष्य में ऐसी समस्या दोबारा उत्पन्न न हो।
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और पथ निर्माण विभाग से पुल का तत्काल निरीक्षण कराने की मांग की है। साथ ही क्षतिग्रस्त हिस्से के आसपास मजबूत बैरिकेडिंग, चेतावनी बोर्ड और पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था करने की मांग की गई है।
लोगों का कहना है कि समय रहते ठोस कार्रवाई नहीं हुई तो पुल का क्षतिग्रस्त हिस्सा और बढ़ सकता है। इससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है और महत्वपूर्ण मार्ग पर आवागमन पूरी तरह प्रभावित हो सकता है।

