हजारीबाग। बड़कागांव थाना क्षेत्र के डाड़ीकलां ओपी अंतर्गत चेपाकलां में शुक्रवार की अहले सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में 52 वर्षीय जयपाली महतो की मौत हो गई। हादसा एनटीपीसी के त्रिवेणी सैनिक लिमिटेड की बिल्डिंग के समीप करीब सुबह पांच बजे हुआ। बताया जा रहा है कि जयपाली महतो अपने नए आवास से कुल्हाड़ी लेकर जंगल की ओर जा रहे थे। इसी दौरान कोयला परिवहन में लगे तेज रफ्तार हाइवा ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि उन्होंने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
स्थानीय लोगों के अनुसार, जयपाली महतो को बकरी के लिए चारा लाने के लिए जंगल की ओर जाना था। वह सड़क पार कर रहे थे, तभी कोयला लेकर जा रहे हाइवा ने उन्हें टक्कर मार दी। दुर्घटना के बाद हाइवा चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण घटनास्थल पर जुट गए और मृतक के शव को सड़क पर रखकर विरोध शुरू कर दिया।
घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने कोयला परिवहन के खिलाफ सड़क जाम कर दिया। इसके कारण इलाके में कोयला लदे वाहनों की आवाजाही पूरी तरह प्रभावित हो गई। ग्रामीणों ने एनटीपीसी, त्रिवेणी सैनिक लिमिटेड और कोयला परिवहन से जुड़ी एजेंसियों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि भारी वाहनों की तेज रफ्तार और अनियंत्रित आवाजाही के कारण क्षेत्र में लगातार दुर्घटनाएं हो रही हैं। ग्रामीणों का कहना है कि कोयला परिवहन के दौरान सड़क सुरक्षा नियमों का पालन नहीं किया जाता है और स्थानीय लोगों की सुरक्षा को लेकर पर्याप्त इंतजाम भी नहीं किए गए हैं।
ग्रामीणों ने मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा देने, फरार हाइवा चालक की गिरफ्तारी करने, वाहनों की गति नियंत्रित करने तथा कोयला परिवहन के दौरान सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन कराने की मांग की। उनका कहना था कि जब तक उनकी मांगों पर ठोस आश्वासन नहीं मिलता, तब तक कोयला परिवहन को सुचारू रूप से चलने नहीं दिया जाएगा।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू की। साथ ही फरार हाइवा और उसके चालक की पहचान कर तलाश शुरू कर दी गई है। पुलिस दुर्घटना के कारणों और वाहन की गति समेत अन्य बिंदुओं की जांच कर रही है। घटना के बाद चेपाकलां और आसपास के इलाके में तनावपूर्ण माहौल बना रहा।

