चाईबासा: कांग्रेस ने पश्चिमी सिंहभूम जिला कांग्रेस कमेटी के नए अध्यक्ष के रूप में सोनाराम सिंकु की नियुक्ति की है। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महासचिव एवं सांसद केसी वेणुगोपाल ने 19 अगस्त को इस संबंध में प्रेस विज्ञप्ति जारी कर जानकारी दी।
जारी विज्ञप्ति के अनुसार, कांग्रेस अध्यक्ष ने संगठन सृजन अभियान के तहत झारखंड में पश्चिमी सिंहभूम जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष पद पर सोनाराम सिंकु की नियुक्ति के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। यह नियुक्ति तत्काल प्रभाव से लागू होगी।
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के 24 अकबर रोड, नई दिल्ली स्थित कार्यालय से जारी विज्ञप्ति में कहा गया है कि संगठन को मजबूत करने और जिला स्तर पर कांग्रेस की गतिविधियों को बेहतर तरीके से संचालित करने के उद्देश्य से यह नियुक्ति की गई है।
महासचिव केसी वेणुगोपाल ने अपने हस्ताक्षर से नियुक्ति की घोषणा की। सोनाराम सिंकु के जिला अध्यक्ष बनने के बाद पश्चिमी सिंहभूम में कांग्रेस संगठन को नई दिशा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। पार्टी कार्यकर्ताओं में भी इस नियुक्ति को लेकर उत्साह है।
गौरतलब है कि कांग्रेस की ओर से संगठन सृजन अभियान के तहत विभिन्न जिलों में संगठनात्मक स्तर पर बदलाव किए जा रहे हैं। इसी क्रम में पश्चिमी सिंहभूम जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी अब सोनाराम सिंकु को सौंपी गई है।

